
बदायूं। बदायूं बीजेपी संगठन को 21 जुलाई को शाहजहांपुर में होने वाली पीएम की किसान रैली में 50 हज़ार किसानों को ले जाने का लक्ष्य मिला है। बीजेपी के बूथ लेवल के कार्यकर्ता 500 बसों से इन किसानों को बदायूं से शाहजहांपुर लेकर जायेंगे। इसके लिए संगठन ने पूरी ताकत झोंक दी है। किसानों से संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। खास फोकस उन किसानों पर है जो सरकार से लाभ प्राप्त कर चुके हैं। रैली में करीब तीन लाख किसानों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस बारे में बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि किसान कल्याण रैली 21 जुलाई को शाहजहांपुर में होने जा रही है। इसमें प्रधानमंत्री किसानों को संबोधित करेंगे। ये आठ जिलों की रैली है।
उन्होंने कहा कि आठ जिलों के कोने कोने से किसान रैली में पहुंचे, इसकी सूचना वहां तक पहुंचे और भाजपा के कार्यकर्ता उन्हें रैली में ले जाने का काम करें। उन्होंने बताया कि हमने दो लाख किसानों का लक्ष्य लिया था। लेकिन जब हमने शहरों में जाना शुरू किया तो किसानों का उत्साह देखकर लगा कि ये लक्ष्य छोटा पड़ जाएगा। 21 जुलाई को दो लाख से कहीं ज्यादा किसान रैली में शामिल होंगे।