
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पुलिसकर्मियों की करतूत का शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां एक तरफ पूरा देश भारत रत्न कहे जाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी जी के निधन पर शोक मना रहा था वहीं दूसरी तरफ यूपी के शाहजहांपुर में पुलिस और भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष व भाजपा मीडिया प्रभारी राजकुमार रावत बार बालाओं के साथ अश्लील ठुमके लगा रहे थे। फिलहाल बेशर्म भाजपा नेता की इस करतूत से पार्टी के लोग भी नाराज हैं।
16 अगस्त को पांच बजकर पांच मिनट पर हुई देश के पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की मौत की खबर से पार्टी के नेताओं में ही नहीं पक्ष विपक्ष सहित पूरे भारत वर्ष में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई गमजदा था लेकिन उसी दिन 16 अगस्त की रात नौ बजे शाहजहांर में भाजपा नेता और कुछ पुलिसकर्मी बार बालाओं के साथ ठुमके लगा रहे थे।
पुलिसकर्मी भी डांस करते नजर आए
मामला थाना बंडा के मोहल्ला पसियानी खेड़ा का है, जहां नाग पंचमी के दिन बीजेपी नेता द्वारा बिना परमीशन के ही एक नौटंकी पार्टी का आयोजन किया गया था जिसमें बारबालाएं बुलाई गई थीं। रात नौ बजे से शुरू हुए इस नृत्य में लगातार अश्लील गाने चलते रहे और अश्लील डांस होता रहा। डांस करने वाली बालाओं ने भजनों पर भी अश्लील हरकतें करते हुए पैसे बटोरे। इस दौरान भाजपा के अनुसूचित जनजाति के जिलाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी व पेशे से वकील राजकुमार रावत ने सिपाहियों के साथ बैठकर बालाओं का नृत्य करवाया और तो और भाजपा नेता बालाओं के ड्रेसिंग रूम में भी दिखाई पड़े। जानकरी करने पर पता चला कि भाजपा नेता ही इस कार्यक्रम के मुख्य अध्यक्ष थे। प्रशासन की परमीशन के बिना हो रहे इस नृत्य को बन्डा थानाध्यक्ष तेजपाल सिंह ने अपनी अनुमति देकर शुरू करवाया और रात भर बालाओं का अश्लील नृत्य होता रहा। बालाएं पैसे बटोरती रहीं और लोग उन पर पैसों की बरसात करते रहे। मौके पर मौजूद पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही और नेता जी मौज लेते रहे।