
govt job news
शाहजहांपुर।सरकारी नौकरी पाने के चक्कर में कई बार आम लोग ठगों की बातों में आ जाते हैं और रिश्वत के तौर पर लाखों रुपए दांव पर लगा देते हैं। अगर आपके भी आसपास कोई व्यक्ति सरकारी नौकरी लगवाने की गारंटी देकर रुपए मांग रहा है तो सावधान हो जाएं। शाहजहांपुर पुलिस ने हाल ही ऐसे एक ठग को गिरफ्तार किया है जो लोगों को रेलवे में नौकरी लगवाने के बदले लोगों से लाखों रुपयों की ठगी कर चुका है।
खुद को बताता है लोको पायलट
इस बारे में पीड़ित सतेंद्र सिंह ने बताया कि राजेश शर्मा नाम का व्यक्ति मूलरूप से बरेली का रहने वाला है। वो खुद को लोको पायलट बताता था और लोगों को रेलवे में नौकरी दिलाने की बात कहता था। सतेंद्र ने बताया कि राजेश ने उससे नौकरी के बदले 66 हजार रुपए लिए जबकि उनके गांव से उसने तमाम लोगों से एक से दो लाख रुपए तक लिए हुए हैं।
20 से 25 लाख की ठगी
सतेंद्र ने बताया कि राजेश अपने पास रेलवे की डुप्लीकेट आईडी रखता था। कहता था रेलवे में उच्च पद पर मेरे रिश्तेदार हैं, इसलिए मेरी अच्छी जुगाड़ है। इस तरह उसने उनके क्षेत्र से करीब 20 से 25 लाख रुपए तक की ठगी की। सतेंद्र ने बताया कि राजेशलोगों से रुपए ठगकर उन्हें फर्जी आईडी कार्ड और नियुक्ति पत्र की फोटोकॉपी देता था। साथ ही कहता था कि आपका कॉल लेटर व अन्य दस्तावेज डाक से आएगा। लेकिन अब तक ऐसा कुछ नहीं लिया है। फिलहाल उसके खिलाफ लोगों ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
इस बारे में सीओ पुवायां जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद ठग राजेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से पुलिस को रेलवे का पास, फर्जी आई कार्ड और रेलवे की वर्दी बरामद हुई है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
3 Mar 2018, 10:56 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.