
accident,death,bus accident,injured,passenger,wounded,shajapur news,
शाजापुर. हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। हर दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार को इंदौर-उज्जैन फोरलेन पर बाणेश्वरी ट्रेवल्स की बस पलट गई थी, वहीं दो दिन बाद ही सोमवार को स्टेट हाईवे क्र. 17 उज्जैन-जावरा के बीच खाचरौद के समीप मीण फंटे के सामने दो ट्रक और एक बस की भयंकर भिड़ंत हो गई थी। जिसमें 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 25 से अधिक यात्री बुरी तरह जख्मी हुए थे। इसी प्रकार मंगलवार को शाजापुर जिले के अकोदिया मार्ग पर ग्राम किलोदा जोड़ पर सुबह 10.30 बजे दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें 6 लोग घायल हुए हैं। वहीं दुपाड़ा रोड पर एक वृद्ध को क्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर में बच्चे-महिलाएं घायल
शाजापुर जिले के अकोदिया मार्ग स्थित ग्राम किलोदा जोड़ पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। कार और टवेरा की हुई इस भिड़ंत मेें टवेरा वाहन कार से टकराकर खेतों की खंती में जाकर पलटी खा गई। इस हादसे में चालक सहित महिलाएं, बच्चे मिलाकर कुल 6 लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर सलसलाई थाने से डायल-100 मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सारंगपुर अस्पताल ले जाया गया।
आसपास के लोग दौड़े
दुर्घटना के बाद सड़क पर कराह भरते घायलों को आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने दौड़कर उठाया। तुरतं डायल-100 को सूचना दी। एंबुलेंस और डायल-100 से घायलों को सारंगपुर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उन्हें उपचार दिया जा रहा है।
वृद्ध को मारी क्रेन ने टक्कर, मौके पर मौत
शाजापुर के दुपाड़ा रोड स्थित करेड़ी नाका के समीप मंगलवार को यह हादसा हुआ है। करेड़ी नाका के समीप सड़क के किनारे गुमटी रखकर व्यापार करने के लिए मंगलवार सुबह ग्राम पतोली निवासी एक वृद्ध हाथ ठेले पर गुमटी रखकर ले जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई एक क्रेन ने वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से सड़क पर गिरे वृद्ध के पैर पर क्रेन का पहिया चढ़ गया। जिससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्रेन का चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
व्यापार शुरू करने से पहले आ गई मौत
वृद्ध सड़क किनारे अपना व्यापार शुरू करने गुमटी ठेले पर रखकर ले जा रहा था, कि उससे पहले मौत आ गई। लालघाटी पुलिस के अनुसार ग्राम पतोली निवासी गोपालसिंह राजपूत (75) करेड़ी नाका के समीप सड़क के किनारे गुमटी रखने के लिए सुबह करीब 9 बजे हाथ ठेले पर गुमटी रखकर उसे धकाते हुए ले जा रहे थे। जब ये करेड़ी नाका के समीप पहुंचे तभी शाजापुर से दुपाड़ा की ओर जा रही एक क्रेन ने गोपालसिंह को टक्कर मार दी। इस टक्कर से गोपालसिंह सड़क पर गिर गए और क्रेन का पहिया उनके पैर को कुचलकर आगे निकल गया।
क्रेन चालक मौके से फरार
अचानक हुए इस हादसे के बाद क्रेन का चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोपालसिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने क्रेन को जब्त कर मर्ग कायम किया है। मामले की जांच की जा रही है।
Published on:
12 Jun 2018, 1:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.