घटना रविवार दोपहर 12 बजे की है। कार (एमपी 09 सीक्यू-1041) से पूर्व सिविल सर्जन व चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. हरकचंद्र (63) पिता मोहनसिंह सिसौदिया निवासी नईसड़क शाजापुर आ रहे थे। दिल्ली से रामशरण (60) पिता काशीराम निवासी दिल्ली आयशर से खंडवा जा रहा था। टिटोड़ी के पास बाइक के सामने आ जाने से डॉ. सिसौदिया कार से संतुलन खो बैठे और आयशर से भिड़ंत हो गई। इससे आयशर खंती में उतर गया, जबकि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सड़क किनारे लिफ्ट लेने के लिए खड़ा करजू निवासी राजेश (22) पिता अमरसिंह बागरी भी चपेट में आ गया। लोगों ने दोनों वाहन चालकों और ट्रक के नीचे से राजेश को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जो घायलों को जिला अस्पताल पहुंची। यहां डॉक्टर ने डॉ. सिसौदिया व राजेश को मृत घोषित कर दिया। रामशरण को पैर में फ्रैक्चर होने से जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।