
कैराना में बीजेपी की माथापच्ची, गठबंधन को हराने के लिए बना रही ये खास रणनीति
शामली। कैराना लोकसभा सीट पर प्रथम चरण में 11 अप्रैल को मतदान होने है, लेकिन अभी तक किसी भी पार्टी की ओर से उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया गया है। गुरुवार को शामली में कैराना लोकसभा सीट से उम्मीदवार को लेकर भाजपा के 16 सदस्य लोकसभा की कोर कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने की।
वहीं लोकसभा की पांचो विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह मेरठ व राज्य सभा सांसद कांता कर्दम ओर राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, धर्म सिंह सैनी विधायक राजेंद्र अग्रवाल विधायक प्रदीप सिंह समेत कई नेता पहुंचे।
महेंद्र नाथ पांडे ने पार्टी पदाधिकारियों को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि बीजेपी के सामने कोई भी विपक्षी पार्टी टिक नहीं पाएगी। मजबूत सरकार और विकास कार्य के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भाजपा लोकसभा चुनाव लडे़गी। कांग्रेस का जमीन पर कोई वजूद नहीं है। कांग्रेस उत्तर प्रदेश की जमीन से कट चुकी है, इसलिए वह बीजेपी के लिए चुनौती से बाहर है। यूपी में प्रियंका गांधी का भी कोई स्थान नही है। बीजेपी के काम के आधार पर सभी गठबंधन ध्वस्त हो जाएंगे। आपको बता दें कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने सभी उम्मीदवारों से वार्ता करते हुए स्थानीय नेताओं व विधायकों से टिकट को लेकर सुझाव मांगा है, जिनके सुझावों को केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखा जाएगा।
आपको बता दें 2017 में हुए उपचुनाव में गठबंधन ने इस सीट पर भाजपा को करारी शिकस्त दी थी। फिलहाल इस सीट पर तबस्सुम हसन सांसद है, इसी को देखते हुए भाजपा ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है, ताकि कैराना में ऐसा उम्मीदवार उतारा जाए जो भाजपा के खाते में जीत डाल सके, इसी के लिए भाजपा के 16 सदस्य लोकसभा की कमेटी ने शामली में डेरा डाल दिया है।
Updated on:
15 Mar 2019, 9:40 AM IST
Published on:
15 Mar 2019, 9:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.