
पकड़े गए आराेपी और पीछे बरामद ट्रक
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
शामली. पुलिस और एसओजी टीम ने मुठभेड़ के दौरान लुटेरे गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार किए हैं। इनके कब्जे से 14 दिन पूर्व लूटे गए ट्रक को बरामद किया गया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं।
घटना पांच फरवरी की है। शाम करीब छह बजे कैराना कोतवाली पर बिजेंद्र निवासी मोखरा रोहतक हरियाणा ने सूचना दी कि वह चार फरवरी की रात को ऋषिकेश में अपने ट्रक से सामान खाली कर वापस पानीपत लौट रहा था। कैराना बाईपास पर पीछे से आई एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसका ट्रक रोक लिया। उसके साथ मौजूद दूसरे ड्राइवर करण सिंह को बंधक बनाकर कांधला थाना क्षेत्र के गांव नाला के जंगल में छोड़कर ट्रक लूट कर फरार हो गए। लूट की सूचना पर सीओ जितेंद्र कुमार व कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। पुलिस ने ट्रक चालक की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसपी सुकीर्ति माधव ने घटना का खुलासा करने के लिए सर्विलांस, एसओजी व पुलिस टीम को लगाया था।
गुरुवार को पुलिस व एसओजी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांव भूरा तिराहे से आगे झिंझाना रोड पर पुलिस मुठभेड़ में ट्रक लुटेरे गिरोह के पांच शातिर सदस्यों अलमुद्दीन निवासी जोगिया खेड़ा थाना फुगाना, आजाद व नौशाद निवासी नगला रियावली थाना रतनपुरी जनपद मुजफ्फरनगर, बाबू चौहान निवासी काजीवाड़ा कस्बा व थाना शामली व अब्दुल सलाम निवासी पांचली बुजुर्ग थाना सरूरपुर जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी लुटेरों के कब्जे से पुलिस ने 14 दिन पूर्व लूटा हुआ ट्रक व चार अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया है।
Published on:
19 Feb 2021, 7:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.