
school principal assault cook husband, मारपीट करते हुए रसोइया व उसका पति (Source-Patrika)
Sheopur School Principal Assault: मध्यप्रदेश के श्योपुर में एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय किला रोड पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला रसोइया और उसके पति ने स्कूल परिसर में ही प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट कर दी। मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो सामने आने के बाद पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रधानाध्यापक की शिकायत पर पुलिस ने महिला रसोइया व उसके पति के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे प्रधानाध्यापक कमलजीत सिंह सिसोदिया स्कूल में मजदूरों से पुताई का काम करा रहे थे। इसी दौरान रसोइया नसीर बानो और उसका पति इस्माइल भी वहां मौजूद थे। तभी प्रधानाध्यापक ने रसोइया नसीर बानो से कहा कि, बच्चों को उनके हाथ का बना खाना पसंद नहीं आता है और इस संबंध में विभाग में लिखित शिकायत भी की गई है। इस बात को सुनते ही रसोइया और उसका पति भड़क गए और तुरंत स्कूल में चल रहे पुताई के काम को रुकवा दिया।
पुताई का काम रुकवाने के बाद रसोइया व उसके पति ने प्रधानाध्यापक कमलजीत सिंह सिसोदिया को अपशब्द कहने शुरू कर दिए। जब प्रधानाध्यापक ने उन्हें गाली देने से रोका तो रसोइया के पति इस्माइल ने उनकी कॉलर पकड़ ली और जमीन पर गिराने की कोशिश की। इसके बाद रसोइया नसीर बानो ने हाथ में चप्पल लेकर मारपीट की। प्रधानाध्यापक परिसर में इधर-उधर भागते रहे और महिला उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटती रही, जिससे उनकी पीठ में चोट आई है।
इस घटना से स्कूल में हंगामा मच गया, स्कूल का स्टाफ बाहर आया और किसी तरह प्रधानाध्यापक को आरोपियों से बचाया। घटना के बाद पीड़ित प्रधानाध्यापक विद्यार्थियों के साथ सीधे कोतवाली थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रसोइया नसीर बानो और उसके पति इस्माइल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
11 Sept 2026 10:26 pm
Published on:
11 Sept 2026 10:26 pm
