
शिवपुरी. पति के द्वारा पत्नी के चरित्र पर उंगली उठाने के बाद शिवपुरी में महिला पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची। महिला का आरोप है कि पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट तो करता ही है साथ ही उसे बाजारू कहकर उसके चरित्र पर सवाल उठाता है। वो अपने बच्चों को भी खुद के बच्चे नहीं मानता है और बार-बार कहता है कि ये मेरे बच्चे नहीं हैं इनका डीएनए टेस्ट करवाओ। पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि वो पति से उसे तलाक दिलाए और दहेज में दिया गया सामान व जेवरात वापस दिलाए।
ये है पूरा मामला..
पीड़ित महिला अंकिता (बदला हुआ नाम) ने बताया कि उशकी शादी साल 2018 में रातोर गांव में रहने वाले युवक से हुई थी। युवक उस वक्त दिल्ली में जॉब करता था। शादी में पिता ने 8 लाख रुपए कैश और करीब 5 लाख रुपए के जेवरात के साथ अन्य सामान दिया था जिसके बाद वो पति के साथ दिल्ली में ही रहने लगी। शादी के बाद कुछ दिनों तक तो सब ठीक रहा लेकिन बाद में पति उसे लेकर ग्वालियर आ गया। यहां पति ने उसे जेवर व अन्य सामान गिरवी रख दिया और बाद में अपने गांव रातोर ले गया। जहां उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा।
'बाजारू कहता है, बच्चों को भी अपना नहीं मानता'
पीड़िता अंकिता (बदला हुआ नाम) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है और उसके चरित्र पर भी संदेह करता है। वो उसे बाजारू कहता है और कहता है कि बच्चे भी उसके नहीं हैं इनका डीएनए टेस्ट करवाओ। अंकिता के मुताबिक 4 जनवरी 2022 को भी पति ने उसके साथ मारपीट की और बच्चों के साथ घर से निकाल दिया जिसके बाद से वो अपने मायके में रह रही है। अब हिम्मत जुटाकर अंकिता ने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए उससे तलाक दिलाने की बात कही है। उसकी मांग है कि उसे दहेज में दिया हुआ पूरा सामान व रुपए के साथ ही उसके जेवरात वापस दिलाए जाएं। पुलिस ने उससे दहेज में दिए सामान की सूची मांगी थी, जिसे उसने जमा करा दिया है।
देखें वीडियो- ऊपर से गुजर गई तेज रफ्तार ट्रेन फिर भी बची युवक-युवती की जान
Published on:
11 Feb 2022 07:51 pm
