
बार बार बदल रहा था लोकेशन
सीधी. एक आदिवासी युवक पर पेशाब करनेवाले बीजेपी नेता को पुलिस ने देर रात पकड़ लिया। आरोपी बीजेपी नेता प्रवेश शुक्ला पुलिस को बार बार चकमा देते रहा लेकिन आखिरकार घिरा गया। इस मामले ने पूरे प्रदेश में राजनैतिक हड़कंप मचा दिया था।
प्रवेश शुक्ला का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह मानसिक रूप से कमजोर एक आदिवासी पर पेशाब करता नजर आ रहा था। वीडियो में आरोपी कुबरी बाजार में बैठे आदिवासी युवक पर नशे की हालत में पेशाब करता दिख रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया तो खलबली मच गई।
विपक्षी कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और पार्टी को कठघरे में खड़ा कर दिया। इसके बाद सीएम शिवराजसिंह चौहान का बयान आया कि आरोपी को हर हाल में पकड़ा जाएगा। इसके साथ ही पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपी प्रवेश शुक्ला के पीछे लग गई।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही प्रवेश शुक्ला भाग लिया। वह बार बार लोकेशन बदलता रहा इधर पुलिस ने उसकी मां और पत्नी को थाने लाकर उनसे पूछताछ करना शुरु कर दिया। आखिरकार साइबर सेल की मदद से पुलिस ने उसे कुबरी गांव के खैरहवा से गिरफ्तार कर लिया। जब उसे थाने लाया गया तो मां रोने लगी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी मां और पत्नी को छोड़कर घर भेज दिया।
पुलिस अब आरोपी प्रवेश शुक्ला से पूछताछ करने में लगी है। आरोपी
प्रवेश शुक्ला बीजेपी के विधायक केदारनाथ शुक्ला का पूर्व विधायक प्रतिनिधि बताया जा रहा है। उसने नशे की हालत में युवक पर पेशाब किया था। आरोपी कुबरी गांव का ही रहने वाला है।
इस मामले पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर एनएसए लगाने की भी बात कही थी।
Updated on:
5 Jul 2023, 8:14 AM IST
Published on:
5 Jul 2023, 8:14 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.