30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

PM Modi ने किया ऑक्सीजन संयंत्रों का लोकार्पण

- पीएम केयर्स के तहत बने हैं ये ऑक्सीजन प्लांट
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सीधी

•

image

Ajay Chaturvedi

•

Updated: 8 Oct 2021, 11:00 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

सीधी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने किया ऑक्सीजन संयंत्रों का लोकार्पण। ये ऑक्सीजन प्लांट पीएम केयर्स के तहत निर्मित हुए हैं। योजना के तहत जिले में तीन प्लांट स्थापित किए गए हैं। इनमें से दो प्लांट जिला चिकित्सालय में लगाए गए हैं। इनमें से एक प्लांट्स की क्षमता एक हजार एलपीएम तो दूसरे की 830 एलपीएम है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली में भी एक प्लांट स्थापित किया गया है जिसकी क्षमता 100 एलपीएम है। ये सारे लोकार्पण वर्चुअल मोड में किए गए।

इस मौके पर सांसद रीती पाठक ने नवनिर्मित ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट्स का अलग-अलग फीता काटकर शुभारंभ किया। सांसद पाठक ने कहा कि बहुत ही खुशी का मौका है कि जिले में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट क्रियाशील हो गए हैं। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन सप्लाई के लिए बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ा था। उन्होने जिले में पीएम केयर्स फंड से तीन-तीन प्लांट की स्थापना के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया। कहा कि अब भावी संकटों से निबटने की तैयारी में हम आगे बढ़ रहे हैं। हर मुश्किल का सामना करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी और जिला प्रशासन साथ है। चिकित्सकों की व्यवस्था और मानव संसाधन के लिए प्रदेश सरकार को समय-समय पर अवगत कराया जाता रहा है। बताया कि अब जल्द ही जिला अस्पताल में कुछ विशेष सुविधाएं जैसे पीआईसीयू, मॉड्यूलर ओटी को प्रारंभ किया जाएगा। इन सब का उद्देश्य महज इतना है कि हम सब सुरक्षित रहें। सरकार भी यही चाहती है। उन्होंने कहा कि संकट अभी भी टला नहीं है अपनी सुरक्षा अपने हाथ में है। कोविड प्रोटोकॉल के तहत अपने हाथों को साफ करते रहें, मास्क लगाना जारी रखें और सामाजिक दूरी का पालन भी करें।

इस मौके पर कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में कोविड की पहली एवं दूसरी लहर का सामना हम सभी लोगों ने किया है और सभी ने देखा कि जब कोविड का प्रकोप अपने चरम पर था उस समय जिले में जो लोग गंभीर रूप से बीमार थे उन्हे ऑक्सीजन की सख्त आवश्यकता थी, ऑक्सीजन की पूरा जोर लगाने के बाद भी कमी बनी रही। उस दौरान जिला और अस्पताल प्रशासन ने एड़ी चोटी का जोर लगाते हुए ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित कराई। ऐसा इसलिए कि जिले में ऑक्सीजन जनरेशन की कोई व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में हम दूसरे के ऊपर निर्भर थे। रीवा, सतना, सिंगरौली से कोऑर्डिनेशन, ट्रांसपोर्टेशन और उन जिलों की आवश्यकताओं के बाद हमें ऑक्सीजन सप्लाई की जा रही थी। लेकिन अब पीएम केयर्स फंड से हमारा जिला ऑक्सीजन सप्लाई के मामले में आत्मनिर्भर बन गया है। इस सुविधा से हमें न सिर्फ कोविड जैसी महामारी मे ऑक्सीजन की पूर्ति बल्कि सभी प्रकार के चिकित्सा कार्यों हेतु ऑक्सीजन की आवश्यकता की पूर्ति की हो सकेगी। उन्होंने कहा कि भावी संकटो से निपटने के लिए तैयारियां की जा रही है लेकिन सभी लोग वैक्सीन के दोनों डोज अवश्य लगवाए और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें।

लोकार्पण समारोह में कलेक्टर के अलावा सीएमएचओ डॉ आई जे गुप्ता, वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपा रानी इसरानी, डॉ. बबीता खरे, नेत्र सर्जन डॉ. लक्ष्मण पटेल सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि मौजूद रह।