15 Lakh ( 90 Lakh ) Looted in Sikar : शहर के बजाज रोड पर 90 लाख रुपए लूटने के बाद लुटेरे बंटवारे को लेकर देर रात तक आपस में झगड़ते रहे। झगड़ा लूट की रकम में चोरी को लेकर हुआ। इस दौरान पुलिस को सूचना देने की धमकी भी दी गई, लेकिन मामला वारदात की रात पुलिस तक नहीं पहुंच पाया। पुलिस ने गजानंद से मारपीट कर 90 लाख रुपए का बैग लूटने वाले मोहम्मद हुसैन उर्फ ऐजाज उर्फ आचु उर्फ बिल्डर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस उप अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि मोहम्मद हुसैन उर्फ ऐजाज जयपुर के हसनपुरा क्षेत्र में स्थित कायमखानियों की मस्जिद के पास की कच्ची बस्ती का निवासी है। लूट में शामिल आरोपियों ने मोहम्मद हुसैन को तीन लाख 60 हजार रुपए दिए थे। पुलिस उससे रकम बरामद करने का प्रयास कर रही है।