
तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर गहने पार करने वाली राधे गैंग के एक सदस्य को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस गैंग के पीछे पिछले तीन महीने से पुलिस लगी हुई थी। कोतवाली पुलिस ने यूपी के बिजनौर जिले के कीरतपुर कस्बे से गैंग के एक आरोपी मशकूर को गिरफ्तार कर सीकर ले लाई है। हालांकि, गैंग के तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्यों तक पहुंचने के लिए एसओजी व एटीएस की मदद भी लेनी पड़ी।
Read:
फुटेज व रजिस्टर खंगाले
शहर कोतवाल मदन कड़वासरा ने बताया कि 18 दिसंबर को ब्रदी विहार के पास कमल सिहोटिया के 12 वर्षीय पुत्र हर्ष से चार लोगों ने झांसा देकर करीब चार लाख रुपए के गहने ठग लिए थे। एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों से फुटेज व कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। सीकर व सिंधी कैंप जयपुर के होटलों के रजिस्टर चेक किए गए तो बिजनौर, उत्तर प्रदेश की गैंग द्वारा घटना को अंजाम देने की जानकारी मिली। एएसआई महेंद्र सिंह, सुनील कुमार व कांस्टेबल हरिश व बलवीर को किरतपुर रवाना किया गया।
Read:
अन्य की तलाश
पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने के लिए एसओजी और एटीएस का सहयोग भी लेना पड़ा। इसके बाद घटना में शामिल 32 वर्षीय मोहम्मद मशकूर पुत्र याकूब निवासी किरतपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड मांगा है। उसके तीन साथी अजरम, अबुसेम व शमीम को भी नामजद किया गया है। जिनकी तलाश जारी है। कोतवाल मदन कड़वासरा के अनुसार पकड़ा गया मशकूर व उसके साथी राधे-राधे के नाम से यह गैंग चलाते हैं। गिरफ्तार आरोपी से अन्य वारदात के भी खुलने की संभावना है।
Read:
फिल्मी स्टाइल में करते हैं वारदात
राधे-राधे गैंग के नाम की यह गैंग फिल्मी स्टाइल में लोगों को बेवकूफ बनाकर लूटती है। इनमें अजरम नाम का व्यक्ति पंडित बनकर तंत्र-मंत्र का झासा देता है। साथ में एक और व्यक्ति को रखता है। जो इसकी बताई बातों का भरोसा सामने वाले को दिलाता है। जब वह चंगुल में फंस जाता है तो गहने और नकदी लेकर ये लोग फरार हो जाते हैं। हर्ष के साथ भी यही हुआ। घर से ट्यूशन जाने के दौरान अजरम उसे रास्ते में मिला और साइबर कैफे का पता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। बातचीत शुरू होने पर हर्ष को बताया गया कि उसके घर अनिष्ट होने की आशंका है। यदि इलाज नहीं किया गया तो अनर्थ हो जाएगा। इस दौरान अजरम का साथी अबूसेम भी वहां आ पहुंचा। अजरम ने उसके घर के बारे में भी झूठी भविष्यवाणी कर हर्ष को विश्वास में ले लिया। इसके बाद हर्ष को कहा गया कि वह घर से गहने ले आए। ताकि उनको शुद्ध कर अनिष्ट की छाया को टाला जा सके। हर्ष घर गया और परिजनों को बिना बताए करीब चार लाख रुपए के गहने उठा लाया। इसके बाद और बाकी बचे गहने भी हर्ष से मंगवाए गए। तीसरी बार उसे घर का नमक मंगवाने के लिए भेजा गया। इधर, मौका पाकर चारों लोग गहने लेकर फरार हो गए। अजरम और अबुसेम का बाकी एक साथी शमीम इससे पहले आने-जाने वालों की रैकी कर रहा था।
Read:
मेरठ में बेचे गहने
गहने लेकर चारों आरोपी बस से जयपुर पहुंचे। यहां से मेरठ गए। वहां गहनों को बेचकर मिलने वाली राशि को चार अलग-अलग हिस्सों में बांट कर घर किरतपुर के लिए रवाना हो गए।
महिलाएं व बच्चों पर रखते हैं नजर
पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी वारदात से पहले घर व उसके परिवार की रैकी करते हैं। इसके बाद उस घर की महिला व बच्चों को अपना निशाना बनाते हैं।
चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में था
टीम में शामिल एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी मशकूर अपनी सास की डेयरी व किराणा स्टोर की दुकान में छिपा था। वह एक लड़के को चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में था। जबकि पुलिस उस लड़के को भरोसे में लेकर ही आरोपी के नजदीक पहुंची थी। पुलिस को देखकर मशकूर भागने लगा लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। बाकी के तीन आरोपी भी इसी मोहल्ले के थे, लेकिन वे मौके से फरार हो गए।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
22 Mar 2017, 4:13 PM IST
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश




