आप रेल में यात्रा कर रहे हैं आपको किसी प्रकार की दिक्कत हो रही है तो अब अलग-अलग जगह शिकायत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हर प्रकार की समस्या का समाधान अब ‘रेल कैप्टन’ करेगा। कई ट्रेनों में इसे लागू कर दिया गया है। लम्बी दूरी की मेल/एक्सप्रेस रेल सेवाओं में ‘ट्रेन कैप्टन’ की अवधारणा को लागू किया जा रहा है। यात्रा के दौरान यात्रियों को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा उनको होने वाली समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ट्रेन में नामित ‘ट्रेन कैप्टन’ जिम्मेदार होगा। भारतीय रेलवे में सबसे पहले बीकानेर मण्डल पर ट्रेनों में ट्रेन कैप्टन नामित करने का कार्य शुरू हो गया है। बीकानेर मण्डल पर गाडी सं 12556, हिसार-गोरखपुर एक्सप्रेस, गाडी सं. 14888, बाडमेर-कालका एक्सप्रेस, गाडी सं 22982, श्रीगंगानगर-कोटा एक्सप्रेस तथा गाडी स. 14724, भिवानी-कानपुर एक्सप्रेस में ट्रेन कैप्टन नामित कर कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। इसके साथ ही जयपुर मण्डल पर गाडी सं 12976/12955 में जयपुर-कोटा-जयपुर के मध्य, गाडी सं. 12985/86, जयपुर-दिल्ली सराय-जयपुर, गाडी सं 12956/19714 में जयपुर-कोटा-जयपुर के मध्य, गाडी सं.12215/16, में जयपुर-अहमदाबाद-जयपुर के मध्य तथा गाडी सं. 12413/14 में जयपुर-दिल्ली-जयपुर के मध्य कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है।