
सीकर
सीकर के पलसाना कस्बे के ग्राम पंचायत के अटल सेवा केन्द्र पर मनरेगा में जॉब के लिए आवेदन करने आई महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिलाओं ने बाद में पंचायत के बाहर प्रदर्शन कर घटना का विरोध जताया। इस दौरान मौके पर काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि बाद में मामला मिल बैठकर निपटा लिया गया।
महिला के सिर से खून बहने लगा
जानकारी के मुताबिक तीन महिलाएं ग्राम पंचायत के अटल सेवा केन्द्र पर संचालित होने वाले ई मित्र पर मनरेगा में जॉब के लिए आवेदन करने के लिए आई थीं। इस दौरान वहां ग्राम विकास अधिकारी और सरपंच दोनों ही नही थे। महिलाओं ने ई मित्र पर मौजूद जयप्रकाश से ग्राम विकास अधिकारी और सरपंच के बारे में पुछा तो उसने दोनों के ही पिपराली मीटिंग में जाने की बात कही। इस बात पर महिलाओं और जयप्रकाश के बीच बातों ही बातों में नौकझोक हो गई और मामला इतना बढ़ गया कि इस दौरान मारपीट से एक महिला के सिर से खून बहने लगा।
आपसी बातचीत से मामला शांत करवाया
बाद में ई मित्र पर मौजूद जयप्रकाश वहां से भाग छुटा। महिलाओं ने जयप्रकाश पर सिर फोड़ने का आरोप लगाकर पंचायत परिसर में हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान देखते ही देखते पंचायत में लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में लोगों ने जयप्रकाश के परिजनों को मौके पर बुलाया और उनसे बातचीत कर दोनों पक्षों में आपसी बातचीत से मामला शांत करवाया।
सरपंच के नही आने से नाराज दिखे लोग
घटना के बाद लोगों ने सरपंच हरफूलराम पंवार को भी फोन किया और घटना के बारे में जानकारी दी। लेकिन सरपंच मौके पर आने के बजाय पिपराली से सीकर चले गए और रात को आने की बात कही। इससे लोग ज्यादा आक्रोशित हो गए। बाद में कुछ पंच और गणमान्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया।
ई मित्र संचालक को हटाने की मांग
आक्रोशित लोगों ने ग्राम पंचायत के अटल सेवा केन्द्र पर ई मित्र का संचालन करने वाले जयप्रकाश को हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि ई मित्र संचालक पर इससे पहले भी कई प्रकार के आरोप लगे है और उसका आमजन के साथ व्यवहार ठीक नही रहता। लेकिन सरपंच के पास कई बार शिकायत करने के बावजूद भी उसे नही बदला जा रहा है। ग्रामीणों और वार्ड पंचों ने ई मित्र संचालकों को बदलने की मांग की है।
इनका कहना है
आज पंचायत समिति में मीटिंग में पिपराली गया हुआ था। आने में देर होगी, कल पंचायत पहुंचकर मामले में जानकारी लेकर ही कुछ कह पाऊंगा।
हरफूलराम पंवार, सरपंच पलसाना
Published on:
11 Jul 2018 05:25 am
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
