
अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या के लिए पति ने रची ऐसी साजिश, 6 साल बाद हुआ अजीब मर्डर मिस्ट्री का खुलासा
विक्रम सिंह सोलंकी, सीकर.
देहरादून पुलिस ( Dehradun Police ) ने अजीब मर्डर मिस्ट्री ( Wife Murdered History ) का खुलासा किया है। आसास गांव के पास पिछले साल 6 नवंबर को मिले युवक के शव को लेकर बेहद ही चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अवैध संबंधों के कारण एक व्यक्ति ने पत्नी की हत्या करने के लिए पहले डेढ़ साल प्लानिंग की। दस महीने पहले बुआ के बेटे को राजस्थान में घुमाने के लिए लाया और आसास गांव में हत्या कर शव पटक गए। इसके बाद देहरादून में अपने दोस्तों को गोली मारकर पत्नी की हत्या करने के लिए तैयार किया। पत्नी की हत्या करवाई और दोस्तों से खुद के पेट में गोली चलवाई। पत्नी की हत्या का आरोप उसने बुआ के बेटे पर लगा दिया। देहरादून के नेहरु कालोनी थानाधिकारी दलबीर सिंह नेगी ने बताया कि 10 महीने पहले देहरादून के अजय वर्मा उर्फ रिंकू को हत्या कर दी गई थी। रिंकू के मामा के लडक़े अशोक ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी। हत्या के आरोपी गौरव शर्मा व दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के पति अशोक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इन्होंने अजय को साथ लेकर देहरादून से राजस्थान घूमने का प्लान बनाया। 4 नवंबर की रात को फतेहपुर इलाके में इन्होंने शराब पी और गला घोंटकर अजय को मार डाला। उसका शव सीकर जिले के आसास गांव के पास फैंककर फरार हो गए। अजय पर पहले से ही एक हत्या का मुकदमा चल रहा था। वह हत्या के मामले में फरार चल रहा था। इन्होंने अजय को इसीलिए मारा ताकि कोई भी उस पर शक नहीं कर सके। इसलिए उसे राजस्थान में लेकर आए। यहां पर सुनसान जगह पर गला दबा कर हत्या का शव को फैंक गए।
9 महीने बाद कराई पत्नी की हत्या
दो दिन पहले देहरादून पुलिस के सीकर आने पर पूरे मामले का खुलासा। जांच में सामने आया कि अशोक पिछले डेढ़ साल से पत्नी कामना की हत्या करने के लिए साजिश बना रहा था। वह उसके चरित्र पर शक करता था। उसने पहले 4 नवम्बर 2018 को राजस्थान में बुलाकर बुआ के बेटे अजय उर्फ रिंकू को मार डाला। 29 अगस्त 2019 की रात को उत्तराखंड के देहरादून में कामना नाम की महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस दौरान कामना के पति अशोक को भी पेट में गोली लगी थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अशोक ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि वह अपनी पत्नी के साथ घर में था। इस दौरान उसका बुआ का लडक़ा अजय उर्फ रिंकू अपने साथियों के साथ आया और उसकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और मेरे पेट में भी गोली मार दी। अशोक का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कॉल डिटेल में एक भी फोन नहीं
पत्नी कामना की हत्या की कहानी देहरादून पुलिस के गले नहीं उतरी। पुलिस ने पहले अजय से जांच शुरु की। पुलिस ने अजय के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो सामने आया कि उसके मोबाइल से एक भी कॉल नहीं किया गया है। पुलिस को घटना को लेकर कुछ शक हुआ। पुलिस ने अशोक के घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में भी कोई आते-जाते दिखाई नहीं दे रहा था। अजय उर्फ रिंकू जो खुद भी साल 2016 से एक हत्या के मामले में वांटेड था। वह पिछले एक साल से अपने घरवालों के भी संपर्क में नहीं था। इस पहेली को सुलझाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी तब पुलिस ने अशोक के दोस्त दीपक शर्मा से पूछताछ की तो कई बातें सामने आई।
10 महीने में सीकर पुलिस शिनाख्त नहीं कर सकी
सीकर पुलिस 10 महीने में भी मृतक की शिनाख्त नहीं कर सकी। पुलिस को 6 नवम्बर को शव मिला था। शिनाख्त नहीं होने पर लावारिस मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने अंतिम संस्कार से पहले ही मृतक के शव का डीएनए जांच करवा ली थी। कुछ अन्य चीजें भी रख ली थी। देहरादून पुलिस के आने के बाद ही पुलिस को मामले का पता लग सका। फतेहपुर सदर थानाधिकारी आलोक पूनियां ने बताया कि देहरादून पुलिस को अजय के डीएनए सैंपल दिए हैं।
कड़वी सच्चाई: भाई को बुलाकर कराई पत्नी की हत्या
दीपक ने पूछताछ में बताया कि अशोक ने भाई गौरव शर्मा को बुलाकर की पत्नी की हत्या करने के लिए कहा। गौरव शर्मा ने ही दोस्तों को बुलाकर गोली मारकर हत्या की। प्लानिंग के तहत ही उसने अशोक को गोली मारी। बाद में सभी घर चले गए। इलाज के दौरान कामना की मौत हो गई,जबकि अशोक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस को दीपक ने बताया कि रिंकू को पहले ही नवम्बर में योजना बनाकर हत्या कर दी थी। किसी को फायरिंग में शक नहीं हो, इसीलिए अजय का नाम लिया था। उसकी हत्या हो जाने के कारण वह पकड़ में नहीं आ सकेगा।
Published on:
11 Sept 2019 01:29 pm
