
राजस्थान में आज भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी, इन जिलों में होगी झमाझम
सीकर. राजस्थान में बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान भी कुछ जिलों में भारी से अति भारी बारिश तो कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अलर्ट जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आज पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा व उदयपुर संभाग में बादलों की गरज व बिजली की चमक के साथ अनेक स्थानों पर हल्की से भारी व कहीं कहीं अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।
ऑरेंज व येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश में बरसात को लेकर ऑरेंज व येलो दोनों अलर्ट जारी किए हैं। इनमें चित्तौडगढ़़, डूंगरपुर व उदयपुर में बादलों गरज व बिजली की चमक के साथ भारी से अति भारी बारिश की संभावना का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पूर्वी राजस्थान के बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, धौलपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़ व सवाई माधोपुर में भारी बारिश तथा अलवर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा व टोंक जिलों में मेघ गर्जन व वज्रपात के साथ हल्की बरसात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दो दिन रहेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बरसात का दौर दो दिन तक जारी रहेगा। जिनमें भी सबसे ज्यादा असर गुरुवार को ही रहेगा। शुक्रवार से प्रदेश में बरसात का असर फिर कम हो जाएगा। जो आने वाले दिनों में और कम होगा। करीब एक सप्ताह तक इसके बाद बारिश की संभावना बेहद कम रहेगी।
फलौदी रहा सबसे गर्म
इधर, बरसात से पूर्वी राजस्थान में तो तापमान में अच्छी कमी दर्ज हुई लेकिन पश्चिमी राजस्थान में बरसात की कमी से तापमान व गर्मी में कुछ खास कमी नहीं आई। यहां बुधवार को भी फलौदी में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, जैसलमेर में भी पारा 38.1 तथा बीकानेर में 38 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
Published on:
15 Sept 2022 11:13 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
