सीकर. शिक्षा राज्य मंत्री व पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा (pcc chief and education minister govind singh dotasara) ने ऑनलाइन पढ़ाई (online education) का मसौदा जल्द तैयार करने व मौजूदा शिक्षण सत्र में सिलेबस में कटौती करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सरकार ऑलनाइन पढ़ाई की गाइड लाइन तैयार कर रही है। वहीं, स्कूल खुलने के आधार पर सिलेबस में भी कटौती की जाएगी। पीसीसी चीफ बनने के बाद पहली बार सीकर आने के बाद पत्रिका से खास बातचीत में उन्होंने यह बात कही। शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि स्कूल शुरू करने के लिए केन्द्र सरकारी की गाइडलाइन का इंतजार किया जा रहा है। गाइडलाइन आने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से चर्चा करेंगे। इसके बाद प्रदेश के निजी व सरकारी स्कूल खोलने को लेकर नीति निर्धारित करेंगे। तब तक स्कूल बच्चों के लिए बंद ही रहेंगे। निजी स्कूलों की समस्या पर उन्होंने कहा कि सरकार उनकी समस्या समझती है। स्कूल संचालक, अभिभावक और विद्यार्थी हित को ध्यान में रखते हुए सरकार आगे कदम बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सरकार हर वर्ग का ध्यान रखते हुए काम करेगी।