
रामगढ़ शेखावाटी.
मुख्य बाजार में लगे देना बैंक के एटीएम को शुक्रवार रात तोडऩे का प्रयास किया गया। चोर के सफल नहीं होने के कारण एटीएम में रखे दस लाख रुपए बच गए। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक युवक की तलाश कर रही है। पिछले पखवाड़े राणोली क्षेत्र में भी एटीएम को लूटने प्रयास हुआ था।
वारदात कस्बे के मुख्य बाजार में रात डेढ़ से दो बजे के बीच हुई। आरोपित ने एटीएम मशीन के कवर को तोड़कर पैसे निकालने का प्रयास किया। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने एटीएम का शटर बंद देखकर बैक कर्मचारी विनय कुमार चारण को इसकी सूचना दी। विनय ने शटर उठाकर देखा तो एटीएम मशीन के सेल्फ का कवर खुला व एटीएम मशीन में छेडछाड़ दिखाई दी। बाद में सूचना पर शाखा प्रबंधक अखिलेश रितुड़ी व थानाधिकारी रमेश मीणा मौके पर पहुंचे। शाखा प्रबंधक अखिलेश ने बताया कि एटीएम की जिम्मेदारी राइटर सेफ गार्ड प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी के पास है।
इस कम्पनी के प्रतिधियों को इसकी जानकारी दे दी गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कम्पनी के प्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचे थे। वहीं पर्यटन विभाग की ओर से लगाए गए दस सीसीटीवी कैमरों की शनिवार को जांच की गई तो इनमें से नौ कैमरे बंद पाए गए।
स्थानीय युवक को तलाश रही पुलिस
मामले में पुलिस एक युवक की तलाश में है। युवक ने एटीएम में लगे सीसीटीवी पर कागज चिपका दिया था। वहीं पास ही दुकान पर लगे सीसीटीवी में रात करीब एक बजकर बीस मिनट पर एक युवक आता हुआ दिखाई दे रहा है। आते समय उसके हाथ खाली है, लेकिन जाते समय उसके हाथ में सरियानुमा औजार दिखाई दे रहा है। करीब 25 वर्ष का यह युवक नीली टीशर्ट और पायजामा पहने हुए है। यह युवक पुस्तकालय के पास स्थित बैंक के एटीएम के पास भी गया, लेकिन गार्ड को देखकर मंदिर के पास गली में चला गया।
Updated on:
06 Aug 2017 02:17 pm
Published on:
06 Aug 2017 02:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
