डीएसपी रामचंद्र मूंड ने बताया कि तीन दिन पहले किशनपुरा की रोही में एक खाई में शव मिला था। मामले का खुलासा करने के लिए थानाधिकारी शब्बीर खान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। शव मिलने के बाद से ही ग्रामीणों ने उसकी चतर सिंह की पत्नी सुमन कंवर पर शक जताया था। पुलिस ने मामले की तहकीकात की तो सामने आया कि वारदात के दिन सुमन कंवर व उसका प्रेमी रामावतार दर्जी साथ में थे। पुलिस ने दोनो से सख्ती से पूछताछ की तो इन्होंने जुर्म कबूल कर लिया।
पत्नी बोली रोज कहता था मारुंगा तो हमने मार डाला
सुमन कंवर ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी थी। इस वजह से रोज घर में झगड़ा होता रहता था। वह उसे बार बार धमकी देता था कि उसे मार देगा। इसके लिए कभी चाकू तो कभी लठ लेकर घूमता था। इस पर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
बहन के यहां जागरण में लेकर जाने की कहकर लिया था साथ
गुरुवार की शाम को सुमन कंवर ने अपने पति चतर सिंह से कहा कि उसकी बहन के यहां जागरण है। उसकी बहन मरडाटू ब्याही है। पत्नी के कहने पर चतर सिंह जागरण में जाने के लिए तैयार हो गया। उधर सुमन ने अपने प्रेमी रामावतार को गाड़ी लेकर बुला लिया। रामावतार गांव के ही अर्जुन की सवारी गाड़ी मांगकर लाया और इनके घर आ गया।