
national highway 39 jhansi to ranchi big news in hindi
सिंगरौली। निर्माणाधीन एनएच-39 गोरबी-बरगवां मुख्य मार्ग पर सोमवार की तड़के सुबह फिर घण्टों जाम लगा रहा। एनएच-39 के खस्ताहाल होने के चलते भारी वाहन कीचड़ में फंस जा रहे हैं, जिससे अक्सर गोरबी-बरगवां मार्ग में आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। सोमवार तड़के सुबह गोरबी बाजार से लगभग दो किमी आगे कसर-बरगवां निर्माणाधीन मार्ग पर दो ट्रेलर आमने-सामने फंस गए, जिससे वाहनों का आवागमन बंद हो गया। कीचड़ में जब ट्रेलर फंस गये तब मुख्य मार्ग पर बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई।
गड्ढों को भरने के लिए पत्र जारी
हाइवा, ट्रेलर, स्कूल बसें सहित अन्य वाहन जाम में फंसी रहे, जिससे राहगीरों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा है। साथ ही स्कूली वाहन भी जाम में फंसे थे, जिससे स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में काफी देरी हुई। जाम की सूचना मिलने पर मोरवा टीआई नरेंद्र सिंह रघुवंशी एवं गोरबी चौकी प्रभारी उदय करिहार दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर हाइड्रा की मदद से फंसे हुए वाहन को निकलवाया। जिसके बाद जाम को बहाल कराया। गोरबी चौकी प्रभारी ने कहा कि एनएच-39 में बड़े-बड़े गढ्ढे हो गये हैं। उन गड्ढों को भरने के लिए टेक्नोयूनिक कंपनी को पत्र जारी किया जाएगा।
सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे
बता दें कि सिंगरौली-सीधी मार्ग के बीच गोरबी-बरगवां मार्ग की हालत पूरी तरह से खस्ताहाल हो चुकी है। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गये हैं। बीते दिनों कलेक्टर अनुराग चौधरी ने एनएच-39 के निर्माण कार्य को लेकर निर्माण कार्य करा रही कंपनी के अधिकारियों को फटकार लगाया था, साथ ही खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत कर सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से जगह-जगह साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन सड़क निर्माण करा रहे कंपनी के अधिकारियों ने कलेक्टर के आदेश को दरकिनार कर दिया। यही वजह है कि मार्ग पर आये दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
खमियाजा भुगत रहे वाहन चालक
एनएच-39 के खस्ताहाल का खमियाजा वाहन चालक समेत स्थानीय लोगों और राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। टूटी-फूटी और कीचड़ में तब्दील सड़कों के चलते आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। गोरबी-बरगवां मार्ग पर लंबा जाम लग जाने से आवागमन बाधित रहा, जिससे वान चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। खस्ताहाल एनएच-39 पर हैवी वाहनों की लंबी कतार धीरे-धीरे रेंगती रही, मगर जाम के कारण से वाहन चालक नहीं निकल सके। काफी देर बाद सूचना पर पहुंची पुलिस को जाम खुलवाने में मशक्कत करनी पड़ी।
कांग्रेसियों ने किया था धान रोपाई
निर्माणाधीन कंपनी की लापरवाही को देखते हुए जिला प्रशासन को उस पर कार्रवाई करनी चाहिए। निर्माण कार्य करा रही उक्त कंपनी को बार-बार अवसर प्रदान किया जा रहा है। यह विडंबना है कि जिले के विकास कार्यों का बखान करने में लगी सत्ताधारी पार्टी के किसी भी नेताओं ने इस मुद्दे पर रुचि नहीं दिखाई है। बीते दिनों कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इसे मुद्दा बनाकर एनएच-39 के गढ्ढों पर धान की रोपाई कर अपना विरोध जताया था। बहरहाल एनएच-39 का निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहा है। सड़कों के गड्ढे को देखकर यही लगता है कि लोगों को अभी और परेशानियां झेलनी पड़ेंगी।
Published on:
07 Aug 2018 05:11 pm
बड़ी खबरें
View Allसिंगरौली
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
