
यहां हुआ बड़ा हादसा...सीवरेज कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से 4 श्रमिक दबे, 2 की मौत, 2 घायल
सिरोही जिले में आबूरोड शहर के केसरगंज कॉलेज ग्राउंड के पीछे ब्रह्मपुरी कॉलोनी में किए जा रहे सीवरेज कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से चार श्रमिक (मजदूर) दबकर गंभीर घायल हो गए, जिनमें से दो श्रमिकों की मौत हो गई। दुर्घटना में फंसे चार में से दो श्रमिकों को करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। घायलों को प्रशासन ने सरकारी अस्पताल भेजा, जहां दो श्रमिकों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी वीरमाराम, पुलिस उप अधीक्षक अचलसिंह देवड़ा, नगरपालिका अध्यक्ष मगनदान चारण, शहर थानाधिकारी बंशीलाल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर जेसीबी से मिट्टी धंसने वाले स्थान को भरवाया गया।
जानकारी के मुताबिक आबूरोड शहर में एलएंडटी कंपनी की ओर से सीवरेज कार्य किया जा रहा है। ब्रह्मपुरी कॉलेज ग्राउंड के पीछे से गुजर रही सड़क पर एक-दो दिन पहले ही मिट्टी की खुदाई कर मंगलवार को चेम्बर लगाने का कार्य किया गया था। रात्रि से बुधवार सुबह तक यहां चार श्रमिक, दो सुपवाइजर व एक जेसीबी चालक गड्ढे में उतरकर चेम्बर से पाइप कनेक्शन का कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान सुबह करीब छह बजे गड्ढे के ऊपर की मिट्टी धंसने से कार्य कर रहे श्रमिक बिहार के खजेली धुसकी पट्टी निवासी मनीष पुत्र अशोक यादव, यूपी के अमेटी जिले के मोहनगंज निवासी मोहम्मद इरफान पुत्र मोहम्मद इसकार, यूपी के अमेटी जिले के मोहनगढी सेमवती निवासी असफाक (26) पुत्र यसीर व यूपी के बदाउ जिले के उजानी अतरोली उजानी निवासी राहुल (24) पुत्र विनोद नीचे दब गए।
हादसे के दौरान स्थानीय रहवासी दीपक, सद्दाम, कीर्ति व प्रेमसिंह, मार्ग से गुजर रहे कांस्टेबल श्रवणसिंह व संजय शर्मा ने दो घायलों को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन असफाक व राहुल मिट्टी में गहरा फंसने से नहीं निकाल सके। सूचना पर प्रशासन मौके पर पहुंचा और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मिट्टी को हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया। घायलों को सरकारी अस्पताल लाने पर राहुल व असफाक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दो घायलों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।
सुरक्षा मापदंडों की अनदेखी, पालिका ने पूर्व में भी दिया था नोटिस
मौके पर पहुंचे पुलिस उप अधीक्षक अचलसिंह देवड़ा ने बताया कि सीवरेज चेम्बर से कनेक्शन करने का कार्य चल रहा था। सीवरेज कार्य कर रही कम्पनी एलएंडटी ने यह ठेका किसी अन्य ठेकेदार को सबलेट कर रखा था। सुबह 4 श्रमिक समेत 8 लोग यहां कार्य कर रहे थे। श्रमिकों के गड्ढे में उतरते ही ऊपर से गीली मिट्टी श्रमिकों पर गिर गई। पुलिस व प्रशासन की मदद से चारों श्रमिकों को बाहर निकाल दिया गया है। प्राथमिक तौर पर गीली मिट्टी होने व सुरक्षा के मापदंडों को नहीं अपनाने के कारण हादसा होना सामने आया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। वहीं, नगरपालिका अध्यक्ष मगनदान चारण ने भी घटना को लेकर सीवरेज कार्य कर रही कम्पनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्घटना का कारण कम्पनी द्वारा सुरक्षा मापदंडों की पालना नहीं करना है। पूर्व में भी नगरपालिका ने कम्पनी को नोटिस जारी किए थे, लेकिन नोटिस की पालना नहीं की गई। पुन: नोटिस जारी कर उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की जाएगी।
कंपनी की लापरवाही से पूर्व में भी एक बाइक सवार की गई जान
आबूरोड में सीवरेज कार्य कर रही कंपनी व आरयूआईडीपी की लापरवाही से यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक वर्ष पूर्व भी शहर के पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास सीवरेज कार्य के लिए बने गड्ढे के कारण दुर्घटनाग्रस्त होकर बाइक सवार युवक महावीर टॉकीज के पास निवासी मनीष शर्मा की मौत हो चुकी है। उस दौरान घटना को लेकर शहरवासियों ने काफी आक्रोश जताया था। इसके बाद भी सीवरेज कार्य में सुरक्षा मापदंडों की अनदेखी की जा रही है, इसी का नतीजा है कि अब बुधवार को दो श्रमिकों की जिंदगी और गई।
इन्होंने बताया ...
दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच में जो भी कारण सामने आएंगे, उसे गम्भीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना में घायल श्रमिकों का इलाज करवा रहे हैं।
- महेंद्र सामतानी, अधिशासी अभियंता, आरयूआईडीपी आबूरोड
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
13 Mar 2024, 10:39 PM IST
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़




