आबूरोड. शहर व आसपास के इलाकों में इन दिनों बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं ने आमजन की नींद उड़ाई हुई है। गत एक सप्ताह में शहर से पांच बाइके चोरी होने की घटनाएं हो चुकी है, इनमें से दो चोरी हुई बाइके तो लावारिस अवस्था में मिल चुकी है, लेकिन अब तक वारदातों को अंजाम दे रहे चोर पुलिस की गिरफ्त से दूर है। रविवार को शहर के बोहरा चाल में एक दुकान के आगे खड़ी बाइक को चोर ने दस मिनट में चोरी कर ली। चोरी की वारदात सामने स्थित दुकान के कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार बोहरा चाल में रविवार शाम ५ बजे बालाजी ई-मित्र केंद्र के पास खड़ी अचपुरा निवासी युवक की बाइक चोरी कर ली। युवक ने दस मिनट तक बाइक के आसपास घूमकर मौका देखकर बाइक चोरी कर रफू चक्कर हो गया। बाद में बाइक मालिक के बाइक लेने पहुंचने पर देखा तो बाइक मौके से गायब मिली। ई मित्र केंद्र के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर युवक के बाइक चोरी करने का पता लगा। समाचार लिखे जाने तक शहर थाने में चोरी का मामला दर्ज नहीं हुआ था। गौरतलब हो कि इससे पूर्व गत २४ दिसम्बर की रात्रि सांतपुर में एक घर के आगे खड़ी बाइक अज्ञात चोरों ने चुरा कर सांतपुर पुल के नीचे लाकर बाइक के टायर व बैटरी चुराकर बाइक मौके पर ही छोडक़र भाग गए थे। वहीं २१ दिसम्बर रात्रि में जूनी खराड़ी से घर के बाहर खड़ी दो बाइके चोरी हो गई थी, हालांकि २२ दिसम्बर सुबह इनमें से एक बाइक लावारिस अवस्था में बनास नदी के किनारे पड़ी मिली थी।