स्नेह मिलन व सामूहिक भोज से बढ़ता है आपसी सामंजस्य
माउंट आबू. रविवार को रोटरी इंटीग्रेटेड सैकण्डरी स्कूल में स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें विद्यार्थियों, हॉस्टल संरक्षकों और विद्यालय के स्टाफ ने उत्साह से भाग लिया। इस मौके पर विद्यालय की छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न खेलों, राजस्थानी नृत्य, गरबा नृत्य का भी आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। प्रधानाचार्य हेमंतसिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों और अध्यापकों के बीच आपसी सामंजस्य बढ़ता है और शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि होती है। इस मौके पर शहर के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों सहित कई लोगों ने सामूहिक भोज में भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर नारी उत्कर्ष संस्था की अध्यक्ष विराज देसाई, फूला शंकर रावल, प्रकाश देवासी, हरे कृष्ण शर्मा, विभा क्षोत्रिय, रेणु तलरेजा, प्रतिक्षा आचार्य, उमेश परमार, शोएब खान सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।