जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात कस्बे के गायत्री चौक स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान में घुसे चोर सामान चुराने का प्रयास कर रहे थे। दुकान के अंदर कुछ तोड़ने की आवाज आई तो पास की गली में रहने वाले शहजाद भाटी ने आवाज सुनकर देखा। शक होने पर उसने थानाप्रभारी हरी सिंह राजपुरोहित को सूचना दी। सूचना पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मी दिनेश कुमार व दशरथ कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि बदमाश 6 थे। दुकान का बिना ताला तोड़े शटर को ऊंचा कर अंदर घुस गए और जेवरात चोरी कर भागने वाले थे, इसी दौरान पुलिस के दोनों जवानों ने उनको रोकने का प्रयास किया तो चोरों ने दोनों पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस जाब्ता तथा पुलिस मित्र अरविंद माली भी मौके पर पहुंचे, लेकिन चोर चुराया गया सामान वहीं छोड़कर मौके से भागने में सफल हो गए। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस पर सामान को जब्त कर पुलिस थाने ले आई।