मंडार.कस्बे समेत आसपास के गांवों में मंगलवार तड़के तीन बजे से दोपहर दो बजे तक रूक-रूककर बारिश का दौर चला। सुबह साढ़े नौ बजे से लगातार दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश से धरती पुत्रों व व्यापारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई। पर, मीठीवाव तक जाने वाले नाले में पानी की निकासी अवरुद्ध हो जाने से पीथापुरा सड़क व बापूनगर कॉलोनी मार्ग जलमग्न हो गया। जिससे पीथापुरा मार्ग पर स्थित एक स्कूल के छात्रों, कॉलोनी के वाशिंदों तथा सोनानी, दामपुरा व पीथापुरा से आने-जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।