सिरोही @ पत्रिका. सिरोही शहर का प्राचीन आखेलाव-मानसरोवर बांध (कालकाजी तालाब) कोई जमाने में क्षेत्र के किसानों की लाइफ लाइन हुआ करता था। स्टेट टाईम से निर्मित इस बांध से नहर के जरिए सिरोही शहर से लेकर रामपुरा गांव तक कृषि भूमि की सिंचाई होती थी, लेकिन पिछले करीब डेढ दशक से सिंचाई क्या बंद हुई आसपास के लोगों ने कई जगह सार्वजनिक नहर की भूमि पर कब्जा कर निर्माण कर लिए। बांध के पास से लेकर स्टेट हाईवे तक आवासीय कॉलोनियां बसने से कई जगह नहर का नामोनिशान ही मिट गया। हालात यह है कि नहर ढूंढने से भी नजर नहीं आ रही। जबकि जल संसाधन विभाग ने आंखें मूंद रखी है।