
शहर के राजकीय महाविद्यालय में इग्नू की जून महीने की सत्रांत परीक्षाओं का आयोजन हो रहा है। जोधपुर क्षेत्रीय केन्द्र से सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रूपाली श्रीवास्तव ने केन्द्र का अवलोकन किया तथा परीक्षा व्यवस्था के प्रति संतोष जाहिर किया। परीक्षा दो पारियों में हो रही है। उन्होंने बताया कि इग्नू में जुलाई 2016 से प्रारंभ होने वाले नए सत्र में प्रवेश के इच्छुक छात्रों के आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कला, वाणिज्य, विज्ञान में स्नातक, अधिस्नातक एवं डिप्लोमा कोर्स के लिए आवेदन की अन्तिम तिथि 17 अगस्त 2016 है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के वे अभ्यर्थी जो किसी कारणवश पूर्व में पढ़ाई न कर सके, इग्नू से बीपीपी में आवेदन कर स्नातक कार्यक्रम में प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2016 है।
शुल्क में मिल रही छूट
उन्होंने बताया कि इग्नू के स्नातक उपाधि कार्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विद्यार्थियों को जुलाई 2016 एवं जनवरी 2017 सत्रों में शुल्क में छूट प्रदान की गई है। इसके लिए अभ्यर्थियों को पहले तो संपूर्ण निर्धारित फीस जमा करवानी होगी। इसके बाद इग्नू सामान्य विवरणिका (हिन्दी) पर उपलब्ध प्रपत्र भरकर क्षेत्रीय केन्द्र को भेजना होगा। प्रवेश के बाद उन्हें यह फीस वापस कर दी जाएगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
