भरत कुमार प्रजापत ....
सिरोही. शिवगंज तहसील की ओड़ा पंचायत में सबसे ज्यादा प्रवासी आए हैं। इसके बावजूद अब तक कोरोना का संक्रमण नहीं हो पाया है। यह पंचायत स्तरीय निगरानी कमेटी के प्रत्येक सदस्य व आमजन की जागरूता का ही परिणाम है। पंचायत के कर्मवीर दिन-रात मेहनत कर लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहे। कमेटी की ओर से घर-घर सर्वे कर होम क्वॉरंटीन व्यक्तियों को नियमों की पालना करने, मास्क बांधने, साबुन से हाथ धोने, सामाजिक दूरी बनाने के निर्देश दिए गए। कैलाशनगर उप तहसील होने के बावजूद ओड़ा से पीछे है। ओड़ा ग्राम पंचायत में मांडाणी, अखापुरा, सेऊड़ा व ओड़ा गांव शामिल हैं। इनमें अब तक 1664 प्रवासी आए हैं। वहीं वर्तमान में 46 प्रवासी होम क्वॉरंटीन हैं। कोरोना को मात देने में मांडाणी एनएम अर्चना, ओड़ा एएनएम कमला, भगवती, अखापुरा एएनएम कविता, सेऊड़ा में अनोख चौधरी, ओड़ा में बीएलओ मूलाराम, जगमालाराम, मांडाणी बीएलओ चेलाराम, मदन मोहन शर्मा, सेऊड़ा में बीएलओ वीसाराम, अखापुरा में बीएलओ उम्मेदसिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, सहायिका समेत कोर कमेटी के प्रत्येक सदस्य ने मुस्तैदी से काम किया।