
आबूरोड. रेलवे स्टेशन पर स्टॉल्स का निरीक्षण करते सीसीएम।
आबूरोड. रेलवे स्टेशन पर जयपुर सीसीएम मदनराम देवड़ा ने अधिकारियों के साथ शनिवार रात्रि व रविवार को प्लेटफार्म पर स्टॉल्स का औचक निरीक्षण किया। शनिवार शाम गरीबरथ एक्सप्रेस से आबूरोड रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद सीसीएम ने आबूरोड सीएमआई आरएस खटाना व स्टेशन अधीक्षक आरएन जाटव के साथ स्टॉल्स का निरीक्षण शुरू किया गया। इस दौरान प्लेटफार्म दो पर एक स्टॉल्स पर बड़ी मात्रा में अनाधिकृत सामान सैंडविच, कोल्ड्रिंक्स, बोतलबंद पानी आदि बिक्री होना पाए जाने पर स्टॉल को सीज कर दिया गया। वहीं रविवार को दिनभर सीसीएम ने प्लेटफार्म एक पर स्थित स्टॉल्स का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मिले रेलवे से बिना स्वीकृति वाले सामान को जब्त किया गया। रेलवे के नियमानुसार स्वीकृत कम्पनी का सामान ही रेलवे स्टेशन पर बेचा जा सकता है, लेकिन कई स्टॉल्स पर अन्य कम्पनियों का सामान अधिक मार्जिन के चक्कर में बेचा जा रहा था। जिस पर अधिकारी ने सामान जब्त करने के निर्देश दिए गए। जब्त सामान को सीएमआई कक्ष में रखवाया गया। जिस पर सीसीएम ने स्टॉल्स संचालकों को रेलवे से स्वीकृत सामान रखने व नियमों की पालना करने के लिए पाबंद किया। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक आरएन जाटव, सीएमआई आरएस खटाणा व आरपीएफ स्टाफ मौजूद था।
स्टॉल्स संचालकों में मचा हड़कम्प, स्टॉल्स बंद कर हुए रवाना
रविवार को सीसीएम के निरीक्षण की जैसे ही रेलवे स्टेशन पर स्टॉल्स संचालकों को जानकारी मिलते ही हडकम्प मच गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉल्स पर हो रही कार्रवाई के चलते कई संचालक स्टॉल्स बंद करने लगे। निरीक्षण के दौरान ही प्लेटफार्म-दो पर अधिकांश स्टॉल्स रविवार को बंद नजर आई। सीसीएम के निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद योगेश सिंघल ने मुलाकात कर पे एंड यूज व प्लेटफार्म दो व सैंकड एंट्री पार्किंग में जन सुविधा व्यवस्था सुचारू नहीं होने से यात्रियों को हो रही परेशानी से अवगत करवाया। जिस पर सीसीएम ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
Published on:
21 Jun 2022 01:01 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
