अमरसिंह राव
सिरोही। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त को भूमि पूजन होने से पिण्डवाड़ा सुर्खियों में है। कारण कि यहां के जिन 800 से अधिक शिल्पकारों ने सालों पहले राममंदिर के लिए पत्थर तराशे थे अब उनका सपना साकार होने जा रहा है। इनके सधे हाथों से तराशे गए 192 पिलरों पर अयोध्या में राममंदिर खड़ा होगा। पिण्डवाड़ा से 1996 से लेकर 2004 तक करीब 300 ट्रक पत्थर तराश कर अयोध्या भेजे थे। करीब नौ साल तक चले पत्थर तराशने के काम में आठ सौ से अधिक कारीगर प्रत्यक्ष रूप से जुड़े रहे। अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े मजदूरों की संख्या अधिक है। कुछ तो ऐसे थे जिन्होंने दिन.रात काम किया। यानी 10 से 14 घंटों तक पत्थरों को मूर्त रूप देने में जुटे रहे। अब ये शिल्पकार और इनके परिजन खुश हैं कि उनकी मेहनत सफल हो गई। भगवान राम ने आखिर उनकी सुन ली।