पुलिस ने बताया कि दांतराई गांव स्थित वर्षा डेयरी के नाम से संचालित फर्म पर पीछे बने कमरे में संचालनकर्ता मुकेश विश्नोई के द्वारा घी को रखा हुआ था। सूचना पर रेवदर थानाधिकारी सहदेव चौधरी, कांस्टेबल प्रकाश कुमार, हरिसिंह मौके पर पहुंचे और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को इसकी जानकारी दी। सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप सिंह यादव मौके पर पहुंचे तो अलग-अलग दो ड्रमों व बिना ब्रांड के डिब्बों में घी मिला। देर रात करीब चार घंटे चली कार्रवाई में घी के नमूने लिए जो जांच के लिए भिजवाए जाएंगे। साथ ही बरामद हुए घी को मौके पर मौका फर्द बनाकर रेवदर थाने के मालखाने में रखवाकर सील कर दिया गया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।