scriptफोरलेन से शिवगंज की दूरी अपार, कैसे पकड़े कारोबार रफ्तार | The distance from Fourlane to Shivganj is immense, how to catch busine | Patrika News

फोरलेन से शिवगंज की दूरी अपार, कैसे पकड़े कारोबार रफ्तार

locationसिरोहीPublished: Aug 01, 2022 03:58:23 pm

सर्विस रोड की समस्या से जूझ रहे शिवगंज के वस्त्र व्यवसाय में लगातार आ रही है गिरावट
व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने समवेत स्वर में कहा, शहर के पास बने सर्विस रोड

फोरलेन से शिवगंज की दूरी अपार, कैसे पकड़े कारोबार रफ्तार

फोरलेन से शिवगंज की दूरी अपार, कैसे पकड़े कारोबार रफ्तार

शिवगंज. रियासतकाल में 168 साल पूर्व जब महाराव शिवसिंह ने शिवगंज की स्थापना की, तब उनका सपना था कि यह शहर कारोबार का प्रमुख केन्द्र बनें। उनका सपना सच हुआ और वर्तमान में यह पश्चिमी राजस्थान की प्रमुख कपड़ा मंडी के रूप में विख्यात है। वस्त्र व्यवसाय के अलावा और भी कई कारोबार पनपे हैं।
चार-पांच दशक से मिनी मुंबई के नाम से मशहूर इस शहर की समस्याएं भी कम नहीं है। ऐसी स्थिति में समस्याओं के गली-कूचों से होकर गुजरते इस शहर का व्यापार प्रभावित होना लाजिमी है। व्यापार प्रभावित होने का सीधा फायदा इससे सटे सुमेरपुर शहर को मिलने लग गया। कई वस्त्र व्यावसाई तो कारोबार के सिलसिले में पलायन ही कर गए। वर्तमान में जो कारोबारी यहां व्यवसाय कर रहे हैं वे भी यहां की व्यवस्थाओं से बहुत ज्यादा संतुष्ट नजर नहीं आते। स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर इनके निराकरण में दिलचस्पी दिखाने लग जाएं तो काफी हद तक समस्याएं दूर की जा सकती हैं।
व्यापारिक गतिविधियों में गिरावट और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर Òपत्रिकाÓ टीम ने Òअपना शहर, अपना मुद्दाÓ विषय पर विभिन्न व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारियों से सीधी बात की। उनकी राय में व्यापार प्रभावित होने के पीछे कोरोना महामारी तो कारण है ही, पर बड़ी समस्या शहर की फोरलेन से कनेक्टिविटी काफी दूरी पर होना, पार्किंग की विकट समस्या व व्यापारिक गतिविधियों के बाजार में जगह की कमी होना बताया गया। अधिकतर व्यापारियों का कहना है कि यदि सिरोही-पाली फोरलेन से शिवगंज आने के लिए शहर के नजदीक चांदाना गांव के समीप सर्विस रोड बना दिया जाए तो यहां के व्यापार को दोबारा उठकर खड़ा होने में काफी मदद मिल सकती है। व्यापारिक गतिविधियों का भी विस्तार हो सकता है।
पहले की तुलना में व्यापार खासा प्रभावित हुआ है। हालांकि, इसके कई कारण हैं, पर सबसे बड़ी दिक्कत कनेक्टिविटी की है। वर्तमान में शहर में प्रवेश के लिए यहां से चार किलोमीटर दूर सर्विस रोड की सुविधा उपलब्ध है। यदि यह सर्विस रोड चांदाना के समीप से दे दिया जाए तो यहां आने वाले ग्राहकों को काफी राहत मिल सकेगी। पार्किंग भी एक समस्या है। यहां के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए शासन-प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
– प्रकाशराज गांधी, अध्यक्ष, क्लॉथ मर्चेन्ट एसोसिएशन, शिवगंज

………………..

एक समय था, जब शिवगंज का दवाओं का कारोबार जोधपुर के बाद दूसरे नंबर पर था। फोरलेन बनने के बाद फोरलेन से शहर की दूरी काफी बढ़ गई। जिससे ग्राहक सीधे ही सुमेरपुर के सम्पर्क में आने लगे। वहां कई निजी चिकित्सालय खुलने से मेडिसिन का व्यापार भी अपने पांव पसारने लगा। वह भी समय था जब सुमेरपुर से दवा विक्रेता यहां दवाइयां खरीदने आते थे। अब सुमेरपुर में ही सभी दवाइयां उपलब्ध होने लगी है। इससे यहां का दवाइयों का कारोबार खासा प्रभावित हुआ है।
– प्रवीण जैन, अध्यक्ष, सिरोही जिला केमिस्ट एसोसिएशन………………………..

शिवगंज में व्यापारिक गतिविधियां सीमित जगह पर ही केन्दि्रत है। बाजार के विस्तार के लिए जगह की कमी है। उधर, सुमेरपुर में विस्तार के लिए काफी जगह है। फोरलेन की समस्या भी पचास फीसदी ही मानी जा सकती है। वर्तमान में फोरलेन से शिवगंज आने का रास्ता सही नहीं है। जिससे अधिकतर ग्राहक सीधे सुमेरपुर चले जाते हैं। उनको शिवगंज शहर का पता ही नहीं चल पाता। सुमेरपुर पहुंचने के बाद वापस शिवगंज आने के बजाय वे वहीं से खरीदारी कर लेते हैं।
– प्रदीप अग्रवाल, अध्यक्ष, शिवगंज केमिस्ट एसोसिएशन

फोरलेन शिवगंज के बाहर से निकलने के कारण कनेक्टिविटी की समस्या खड़ी हो गई है। सर्विस रोड काफी लम्बा है। रास्ते में वन क्षेत्र भी है। जिसका असर शिवगंज के व्यापार पर पड़ा है। शिवगंज आने वाला ग्राहक अब सीधे सुमेरपुर पहुंच रहा है। यदि सर्विस रोड चांदाना के पास से निकाला जाए तो वहां शहर का विस्तार भी संभव है। रात के समय भी यहां आने में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। लगातार घटते व्यापार को रोकने के लिए व्यापारियों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
– इन्दरमल बागरेचा, अध्यक्ष, सर्राफा व्यापार संघ, शिवगंज

…………………………..

जब से फोरलेन शहर के बाहर से निकला है, इसका असर यहां के व्यापार पर पड़ा है। सर्विस रोड चार किलोमीटर दूर होने से अधिकतर ग्राहक सीधे ही सुमेरपुर चले जाते हैं। चांदाना के समीप सर्विस रोड बनाना शिवगंज की व्यापार मंडी के हित में होगा।
– प्रकाश कुमावत, अध्यक्ष, अनाज किराणा व्यापार संघ………………………………

फोरलेन बाहर से निकलने के बाद यहां का ज्यादातर व्यापार सुमेरपुर की तरफ डायवर्ट हो रहा है। यह गंभीर समस्या है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को गंभीरता से विचार करना चाहिए। सिटी से एप्रोच बनाने के लिए चांदाना के समीप सर्विस रोड खोलना आवश्यक है। यह कार्य फोरलेन बनने के दौरान ही हो गया होता तो यह समस्या खड़ी नहीं होती।
प्रवीण मेवाडा, अध्यक्ष, कटलेरी एसोसिएशन, शिवगंज

…………………………………………

फोरलेन का सर्विस रोड तो सिटी के नजदीक ही होना चाहिए। इससे व्यापार के विकास की संभावनाएं निश्चित रूप से बढ़ेगी। अब यहां तो चलाकर कोई ग्राहक आ जाए तो ठीक है वर्ना सीधे सुमेरपुर ही चले जाते हैं। चांदाना के समीप से सर्विस रोड खोलने के लिए दबाव बनाना चाहिए। पालिका ने यहां टू वे रोड बना रखा है। लाइट की भी सुविधा है। साधन नहीं मिलने पर व्यक्ति पैदल भी शिवगंज आ सकता है।
दिनेश अग्रवाल, अध्यक्ष मिठाई व्यापार संघ, शिवगंज

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो