
The young man
शहर पुलिस ने रविवार शाम फोरलेन पर चांदमारी के पास खड़ी कार से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद कर मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान निनेशभाई पुत्र भीखाभाई पटेल के रूप में हुई है। सूचना पर परिजन आबूरोड पहुंच गए है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
सब इन्सपेक्टर हेमाराम के अनुसार निनेश पटेल का शनिवार रात को घर में झगड़ा होने से नाराज होकर रविवार अलसुबह कार में बाहर निकल गया। पता चलने पर परिजन खोजबीन में निकले पर कहीं पता नहीं चला। शाम को पुलिस को एक कार चांदमारी के पास खड़ी होने व उसमें सवार युवक हिल-डुल नहीं रहा होने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार का दरवाजा खोलकर उसे मृत हालत में बाहर निकाला। फिर शव को मोर्चरी में रखवाया। इस बीच मृतक के परिजनों से सम्पर्क करने पर पता चला कि वे उसे खोजने के लिए यहीं आए हुए है तो सूचना मिलते ही वे भी मोर्चरी पहुंच गए। एसआई के अनुसार युवक की मौत कार बंद होने से दम घुटने के कारण हुई या किसी अन्य कारण से, इसका खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
