1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: रील के चक्कर में मौत से खेल, पेट्रोल पंप पर एसयूवी को डीजल से नहलाया, वायरल हुआ VIDEO

Rajasthan Viral Video: शिवगंज में पेट्रोल पंप पर डीजल से कार धोने का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस खतरनाक स्टंट को लेकर कड़ी नाराजगी जता रहे हैं।

2 min read
Google source verification
Sirohi Shivganj viral video, Rajasthan petrol pump stunt, diesel car wash video, Shivganj petrol pump news, Rajasthan viral stunt news, Sirohi local news update, dangerous stunt petrol pump, Rajasthan social media viral, Shivganj police news, petrol pump safety violation, Rajasthan risky stunt case, Sirohi breaking news, viral video Rajasthan, petrol pump incident India, Shivganj latest news

वीडियो से ली गई तस्वीर। फोटो- पत्रिका नेटवर्क

सिरोही/शिवगंज। सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप पर एक युवक अपनी स्कॉर्पियो कार को डीजल से धोता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा यह वीडियो सिरोही जिले के शिवगंज-पालड़ी एम क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप का बताया जा रहा है, जिस पर लोग हैरानी और नाराजगी दोनों तरह की प्रतिक्रिया जता रहे हैं। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और जिम्मेदारी को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह वीडियो भी देखें

आग लगने का बड़ा खतरा

वीडियो में युवक पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के दौरान नोजल बाहर निकालकर कार की बॉडी पर डीजल डालता दिखाई दे रहा है। यह लापरवाही भरा कृत्य न केवल नियमों की अनदेखी है, बल्कि गंभीर हादसे को न्योता देने जैसा भी है। डीजल और पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ से इस तरह खुलेआम कार धोने से पंप पर आग लगने का बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। यदि थोड़ी सी भी चिंगारी या तकनीकी गड़बड़ी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह वीडियो किस पेट्रोल पंप का है।

गर्मी में लापरवाही पड़ सकती थी भारी

विशेषज्ञों के अनुसार, पेट्रोल पंप परिसर में सुरक्षा के सख्त मानक लागू होते हैं। ऐसे में इस प्रकार की लापरवाही, खासकर गर्मी के मौसम में, बड़े अग्निकांड का कारण बन सकती थी। घटना के दौरान आसपास मौजूद अन्य लोगों, कर्मचारियों और वाहनों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी। इस तरह की हरकत से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच सकती थी।

यूजर्स ने जताई हैरानी और नाराजगी

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना और दिखावे की प्रवृत्ति बताते हुए संबंधित युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कई लोगों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर सख्त कदम उठाने की अपील की है।

बरतें सावधानी

यह घटना एक बार फिर इस बात की याद दिलाती है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के जोखिम भरे कृत्य न केवल कानूनन गलत हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकते हैं। पेट्रोल और डीजल का उपयोग केवल ईंधन के रूप में ही किया जाना चाहिए, न कि इस तरह के खतरनाक प्रयोगों के लिए।

यह वीडियो शिवगंज क्षेत्र का बताया जा रहा है, लेकिन जांच के बाद ही वास्तविकता का पता चल सकेगा। इस संबंध में हमें अभी तक कोई शिकायत भी नहीं मिली है। यह सही है कि इस तरह की लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती थी।

  • पुष्पेंद्र वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक शिवगंज