पत्रिका न्यूज नेटवर्क/पिंडवाड़ा/सिरोही। शहर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से हुए प्रसव के बाद एक प्रसूता की मौत होने पर परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल के बाहर हंगामा कर दिया। शहर की राजकीय चिकित्सालय के सामने एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से हुए प्रसव के बाद एक प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई। प्रसूता की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे एम्बुलेंस से उदयपुर भेजा गया, जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। प्रसूता की मौत से नाराज परिजन एंबुलेंस से ही शव को लेकर पिंडवाड़ा राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचे। इसके बाद निजी अस्पताल के बाहर पहुंच गए, जहां पर हंगामा करते हुए चिकित्सक पर लापरवाही करने का आरोप लगाया। अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। पुलिस थाने को घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार सुबह 7 बजे से ही पुलिस तैनात रही। सूचना पर पिंडवाड़ा पुलिस उप अधीक्षक जेठू सिंह करनोत, थानाधिकारी सीताराम बेरवा मौके पर पहुंचे, करीब 9 घंटे घंटे तक चली समझाइश के बाद मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज करने का आश्वासन दिया तथा मेडिकल बोर्ड का गठन कर महिला का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द किया।