महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
शिवगंज. संघवी पूरीबाई भूरमल जैन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शारीरिक शिक्षिकाओं व शिक्षिकाओं के लिए दस दिवसीय गैर आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शनिवार को ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी श्रीमती इन्द्रा वर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। शिविर के शुभारंभ अवसर पर संदर्भ व्यक्ति फुलाराम मेघवाल ने संभागियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर से संबंधित मार्गदर्शन दिया। साथ ही शिविर के कार्यक्रम से अवगत करवाया। इस प्रशिक्षण शिविर में 56 संभागी भाग ले रहे हैं। जो प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अपने विद्यालय में जाकर बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देंगे। मेघवाल ने बताया कि शिविर के दौरान केआरपी सोनिया मारकोस, सिखवाल उमा व विजय लक्ष्मी संभागियों को प्रशिक्षण देंगी। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में ब्लाक, किक, लाठी व चाकू से बचाव, सामने दुश्मन पर वार, पंच, काता का नियमित अभ्यास करवाने के अलावा महिलाओं से संबंधित कानूनों की जानकारी देंगी। शिविर के दौरान पुलिस, न्याय एवं चिकित्सा विभाग की ओर से भी वार्ता रखी जाएगी।