सिरोही. जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव से पहले ही कांग्रेस पार्टी में घमासान मचा है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बगावत के सुर तेज हो गए हैं। पार्टी के लिए दिनरात काम करने वाले कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस के तीन बार जिला परिषद सदस्य रहे पुखराज गहलोत, कांग्रेस निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष कुलदीपसिंह देवड़ा, पूर्व पीसीसी सचिव इंद्रसिंह देवड़ा,निवर्तमान जिला कांग्रेस महामंंत्री राकेश रेबारी, निवर्तमान जिला संगठन महामंत्री जैसाराम मेघवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने बुधवार को पत्रकारवार्ता में कुछ नेताओं पर रुपए लेकर टिकट बांटने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव में टिकट बंटवारे में खुलकर भ्रष्टाचार किया है तथा पार्टी को ऐसे भ्रष्ट व्यक्ति को पार्टी से कम से कम छह वर्ष के लिए निष्काषित करना चाहिए। हालांकि कांग्रेस के नेताओं ने ये भी स्पष्ट किया है कि उनका विरोध पार्टी से नहीं है बल्कि कार्यकर्ताओं को दरकिनारकर पैसों के दम पर जिस तरीके से टिकट बंटे है उसका वे विरोध करते हैं।