
सीतापुर. सीतापुर के हरगांव में एक युवती का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ पाया गया है। युवती के परिजनों का आरोप है कि युवती वैलेंटाइन डे के दिन अपने प्रेमी से मिलने उसके घर पर गई थी। जहॉ पर प्रेमी के परिजनों ने उसे काफी डांटा फटकारा और उसके साथ मारपीट की जिससे आहत होकर ही उसने खुदखुशी कर ली है। मृतका के परिजनों की तरफ से एक तहरीर पुलिस को दी गई है और पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल थाना हरगांव के नरहरपुर गांव की नाबालिग बरखा का बीते 2 वर्षों से गांव के पुष्कर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस रिश्ते से दोनों के घर वाले खिलाफ थे, लेकिन इस सब से बेपरवाह दोनों का प्यार दिन ब दिन परवान चढ़ता जा रहा था। घर वालों की बातों को दरकिनार करते हुए बरखा वैलेंटाइन डे के दिन प्रेमी पुष्कर से मिलने उसके घर जा पहुंचते हैं। जहां पर बरखा को देखकर पुष्कर के घर वाले काफी नाराज होते हैं और उसे डांटा फटकारते हैं। बरखा के घर वालो का यह भी आरोप है कि डांटने के अलावा पुष्कर के घर वाले ने उसके साथ मारपीट भी की। जिससे आहत होकर ही देर रात उसने फांसी के फंदे पर लटक कर अपनी जिंदगी को खत्म कर लिया।
इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई है और पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। उधर इस मामले में मार्तण्ड सिंह, एएसपी सीतापुर ने बताया कि मृतका के परिजनों की तरफ से प्रार्थना पत्र दिया गया है और इसमें युवती के प्रेम प्रसंग की बात बताई गयी है। साथ ही यह भी बताया कि युवक जो बरखा का प्रेमी है उसके परिजनों पर मार कर लटका देने का आरोप लगाया गया है।