
सीतापुर. सीतापुर जनपद इलाके में आज एक और ट्रेन हादसा हो गया। यह हादसा एक मॉल गाड़ी के कई डिब्बों के पटरी के उतरने से हुआ। हालांकि मॉल गाड़ी के सभी डिब्बे खाली थे जिससे कोई हताहत या नुकसान की कोई खबर नहीं सामने आयी है।
जानकारी है कि सीतापुर जनपद के महोली और लखीमपुर जनपद के मैगलगंज के मध्य नेरी रेलवे स्टेशन के निकट मालगाड़ी के चार वैगन पटरी से उतर गए। हादसे के दौरान मालगाड़ी सीतापुर से रोजाना की ओर जा रही थी और मालगाड़ी के सभी वैगन खाली थे। हादसे की जानकारी होने पर आरपीएफ के दारोगा आरके गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। वही रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं। हादसा किस वजह से हुआ, इसके संबंध में अब तक कोई जानकारी नहीं हो सकी है। नेरी रेलवे स्टेशन के निकट हुए इस ट्रेन हादसे को देखने के लिए आस पड़ोस के सैकड़ों लोग कुछ ही देर में मौके पर एकत्र हो गए। ट्रेन हादसे की खबर ने समूचे रेल प्रशासन को काफी हिलाकर रख दिया क्योंकि बीते कुछ माह में ही सीतापुर जनपद सीमा में कई और ट्रेन हादसे हो चुके हैं।
पहले भी डिब्बे उतर चुके हैं मालगाड़ी के
सीतापुर शहर के बीचोबीच बने मालगोदाम के पड़ोस बने हाल्ट के पास भी अभी कुछ माह पूर्व ही एक मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर चुके थे जिसके बाद मुरादाबाद रेलवे मंडल के अधिकारियों ने सीतापुर आकर मामले की जांच की थी और रिपोर्ट भी रखी थी। बावजूद इसके एक और आज हुए हादसे ने रेल प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है।