
सीतापुर. जिले में पुलिस ने दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने एक अपराधी के कब्जे से अफीम और लग्जरी कार बरामद की है जबकि दूसरे अपराधी के पास से असलहा और कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मिश्रिख कोतवाली पुलिस ने ढाई वर्ष से फरार चल रहे 25 हजार रूपये के इनामी अपराधी करनवीर सिंह निवासी हरदोई को मरारी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उनके कब्जे से अफीम भी बरामद हुयी है जिसे वह पंजाब में बेचने का काला कारोबार करता था जबकि दूसरे मामले में थाना बिसवां पुलिस ने 10 हजार रूपये के इनामी अपराधी सुनील पासी को 315 बोर का तमंचा और कारतूस के साथ कमरिहा तिराहे से गिरफ्तार किया है। इस अपराधी के खिलाफ आधा दर्जन मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज है।