
सीतापुर. जिले के दो परिवारों में उस वक्त कोहराम मच गया, जब तालाब में नहाने गए दो बच्चों की डूबकर मौत हो गयी। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को तालाब से निकलवाया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना तंबौर थाना क्षेत्र के राजनपुर मार्ग पर स्थित सारिक ब्रिक फील्ड की है। यहां भट्टे के पास स्थित एक तालाब में इलाके के रायपुर निवासी मनीराम का 15 वर्षीय पुत्र महेश और इलाके के ही हरिशन का 16 वर्षीय पुत्र छोटू तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान गहराई में जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों तालाब की गहराई में जा पहुंचे और दोनों डूबने लगे। चीख पुकार की आवाज सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों ही मृतक बच्चे अपने परिवार में इकलौते चिराग थे।
परिजनों ने की शिनाख्त
स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों की शिनाख्त के बाद पुलिस ने बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।