
up board exam 2018
लखनऊ. अक्सर सवालों के घेरे रहने वाले यूपी बोर्ड की तस्वीर बदलने के लिए योगी आदित्यानाथ सरकार ने कमर कस ली है। नकल व धांधली पर लगाम लगाने के लिए सभी कुछ अॉनलाइन किया जा रहा है। इसी कड़ी में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। यूपी बोर्ड परीक्षा के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के चार महीने पहले ही विभाग द्वारा परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी। इस बार परीक्षा केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन किया जा रहा है तो सूची भी ऑनलाइन ही जारी की जाएगी। जानकारी के मुताबिक इस बार 25 अक्तूबर तक परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी। इसके बाद आपत्तियां मंगाकर उनको निस्तारित किया जाएगा और नवंबर के अंतिम सप्ताह में अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी
मेरिट के आधार पर होगा परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण
जानकारी के मुताबिक नकलविहीन परीक्षा के लिए सरकार ने अफसरों को सख्त निर्देश दे रखे हैं। जानकारी के मुताबिक परीक्षा केंद्रों का निर्धारण माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर किया जाएगा। इसके लिए अलग से सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है जो परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करेगा। राजधानी के करीब 800 से ज्यादा विद्यालयों ने मूलभूत संसाधनों का ब्यौरा अपलोड कर दिया है। जो भी संशोधन रह गए हैं उसमें सुधार की प्रक्रिया चल रही है।
इसके बाद विद्यालयों को अंक दिए जाएंगे। अंकों के अनुसार मेरिट के आधार पर परीक्षा केंद्र तय किए जाएंगे। राजधानी के करीब 100 बेहतर व्यवस्थाओं वाले विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। सरकार का मानना है कि परीक्षा केन्द्रों के निर्धारण में पारदर्शिता से भ्रष्टाचार पर तो लगाम लगेगा ही, शिक्षा में भी सुधार होगा। एक अधिकारी ने बताया कि निजी विद्यालयों में एक-एक अतिरिक्त सह केंद्र व्यवस्थापक भी नियुक्त किया जाएगा। परीक्षा कक्ष में दो-दो कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के जो शिक्षक ड्यूटी पर नहीं जाएंगे उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा और उस दिन का वेतन काट दिया जाएगा। इसके निर्देश अभी से जारी कर दिए गए हैं।
आपत्तियां और शिकायतें भी करनी होंगी ऑनलाइन
नवंबर के प्रथम सप्ताह में आपत्तियां मंगाकर उसे निस्तारित कर नवंबर के अंतिम सप्ताह में अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। सूची जारी होने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा समाचार पत्रों में विज्ञप्ति जारी कर प्रधानाचार्यों से परीक्षा केंद्रों की बाबत आपत्तियां मंगाई जाएंगी। आपत्तियां और शिकायतें भी ऑनलाइन ही ली जाएंगी। वे 5 नवंबर तक अपनी आपत्तियां दर्ज कर पाएंगे। इसके बाद इनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू होगी। जनपदीय समिति द्वारा 20 नवंबर तक ऑनलाइन ही आपत्तियां निस्तारित की जाएंगी।
आपत्तियां निस्तारित कर परीक्षा केंद्रों की सूची को अनुमोदन के लिए जिलाधिकारी के पास भेजा जाएगा। अनुमोदन के पश्चात परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 30 नवंबर तक वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों को केंद्र व्यवस्थापक बनाया जाएगा, परीक्षा कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
Published on:
22 Oct 2017 12:37 pm
बड़ी खबरें
View Allसीतापुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
