4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जनता कर्फ्यू :कालका से तिगांव तक एक दिखा हरियाणा

साइंस सिटी से लेकर पीतल नगरी तक पसरा सन्नाटा

2 min read
Google source verification
जनता कर्फ्यू  :कालका से तिगांव तक एक दिखा हरियाणा

जनता कर्फ्यू :कालका से तिगांव तक एक दिखा हरियाणा

चंडीगढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा जनता कर्फ्यू के लिए की गई अपील का असर रविवार को हरियाणा में दिखाई दिया। कोरोना को हराने के लिए समूचा हरियाणा एकजुट दिखाई दिया और पूरा दिन प्रदेश के लोग अपने घरों में रहे। जनता कर्फ्यू का असर हरियाणा के प्रत्येक गांव और शहर में देखने को मिला। हरियाणा के कालका रेलवे स्टेशन से चलकर राजधानी दिल्ली जाने वाली शताब्दी के पहिए जहां थमे रहे वहीं हरियाणा के अंतिम विधानसभा क्षेत्र तिगांव में भी जनता कर्फ्यू का व्यापक असर देखने को मिला।
कोरोना वायरस के चलते साइंस सिटी अंबाला के कारोबारी जहां पिछले कई दिनों से मंदे की मार झेल रहे हैं वहीं रविवार को भी यहां के कारोबारियों ने जनता कर्फ्यू का पूर्ण समर्थन किया और अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। रेलवे के अंबाला मंडल ने शनिवार को ही इस मार्ग से होकर निकलने वाली गाडिय़ों की आवाजाही बंद करने का ऐलान कर दिया था। जिसके चलते सर्वाधिक भीड़भाड़ वाले अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर आज दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। धर्मनगरी कुरूक्षेत्र की स्थिति भी कुछ ऐसी ही रही। यहां ऐतिहासिक भद्रकाली मंदिर पहले ही नवरात्रि आयोजन को रद्द कर चुका है। रविवार को यहां सभी ऐतिहासिक पर्यटक स्थल पर्यटकों का इंतजार करते रहे।
सीएम सिटी करनाल में जहां जनता कर्फ्यू को पूर्ण समर्थन मिला वहीं पानीपत जंक्शन से दिल्ली व रोहतक व उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाली सभी सडक़ें सूनी रही। सरकार द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत ढाबे आदि खोलने की मंजूरी दी थी। इसके बावजूद हाईवे ढाबों के लिए मशहूर सोनीपत में ज्यादातर ढाबे बंद रहे। हरियाणा का दिल कहे जाने वाले जींद में कफ्र्यू की घोषणा को लेकर शनिवार को वायरल हुए वीडियों जहां चर्चा का विषय रहे वहीं यहां की चौपालों में न सामूहिक हुक्का चर्चा हुई और न ही ताश खेले गए। कोरोना को हराने के लिए कई खाप पंचायतें पहले ही प्रशासन के सहयोग का ऐलान कर चुकी हैं। हरियाणा के हिसार, गुरुग्राम, रेवाड़ी,फरीदाबाद,मेवात आदि जिलों में भी लोगों ने स्वेच्छा से कर्फ्यू को सफल बनाया है।

सीएम ने ट्वीट कर जताया आभार


हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ट्वीट करके लोगो का धन्यवाद करते हुए कहा है कि हरियाणा में जनता कफ्र्यू की सफलता के लिए जनता का भरपूर समर्थन मिला है। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से कहा है कि संयम के साथ नागरिकों के इस समर्थन के लिए वे सह्रदय से आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने ट्वीट पर अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक से मेरी अपील है कि अपने घरों में रहें और लोगों को भी सजग रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने जनता से कहा कि कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में सरकार आपके साथ है और ये लडाई अभी ख़त्म नही हुई है और लोगों से अनुरोध है कि ज्यादा से ज्यादा समय घर पर बिताए।

विपक्षी दलों ने भी किया जनता कर्फ्यू का समर्थन

हरियाणा की सत्तारूढ़ भाजपा-जजपा सरकार ने जहां जनता कर्फ्यू का समर्थन करते हुए इसे सफल बनाने के लिए पूरी एकजुटता दिखाई वहीं विपक्षी राजनीतिक दल कांंग्रेस ने भी अपने स्तर पर आज के जनता कर्फ्यू का समर्थन किया था। नेता प्रतिपक्ष व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बकायदा एक बयान जारी करके लोगों से अपील की थी कि वह घरों में रहें। इनेलो नेता अभय चौटाला इस मुद्दे पर खुलकर तो कुछ नहीं बोले लेकिन उनकी पार्टी द्वारा भी जनता कर्फ्यू का समर्थन किया गया।

Story Loader