
anasagar
अजमेर.
राजस्थान पत्रिका का बर्ड फेयर आनासागर झील में एक बार फिर इतिहास दोहराएगा। पत्रिका एवं जिला प्रशासन, नगर निगम, अजमेर विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चौथे इंटरनेशनल पत्रिका बर्ड फेयर का आगाज शुक्रवार को होगा।
उद्घाटन शुक्रवार सुबह 10 बजे ऐतिहासिक आनासागर झील की बारादरी पर होगा। इसमें कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। प्रवासी और देशी परिन्दों के इस तीन दिवसीय मेले में लोगों को पक्षियों को बारे में जानने और समझने का मौका मिलेगा।
इस दौरान कई कार्यक्रम व प्रतियोगिताएं होंगी। महापौर धर्मेन्द्र गहलोत व जिला कलक्टर विश्वमोहन शर्मा ने बुधवार को पत्रिका बर्ड फेयर के पोस्टर का विमोचन किया।
17 जनवरी : ड्राइंग प्रतियोगिता व फोटो प्रदर्शनी
आनासागर बारादरी पर उद्घाटन समारोह के दौरान सुबह 10 बजे से विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता होगी। इसके लिए विद्यार्थियों को शीट, कलर व ब्रश उपलब्ध कराई जाएगी। विजेताओं को समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह स्थल पर महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के पर्यावरण विभाग की ओर से फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें पर्यावरण विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण माथुर सहित पक्षियों के जानकार और नियमित बर्ड वॉचिंग करने वाले विशेषज्ञ पक्षियों की प्रजाति, रंग रूप, व्यवहार और गतिविधियों की जानकारी देंगे।
READ MORE : तनाव कम कर रोगों से बचाते हैं पक्षी
शाम 4 बजे से आनासागर झील के सागर विहार पाल पर बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम होगा। इस दौरान प्रवासी पक्षियों की उड़ान, झुंड के रूप में पक्षियों का झील में उतरना, जल क्रीड़ा और पानी में मछलियां आदि भोजन तलाशने जैसी गतिविधियां देखी जा सकेंगी।
18 जनवरी : बर्ड वॉचिंग व संगोष्ठी
सुबह 10 बजे से आनासागर झील किनारे एसटीपी के पास बर्ड वॉचिंग।
दोपहर 12 बजे महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में पर्यावरण विभाग की ओर से संगोष्ठी।
अपराह्न 4 बजे से आनासागर झील किनारे गौरव पथ चौपाटी पर टॉक शो व संगोष्ठी।
19 जनवरी : समापन व पुरस्कार वितरण समारोह
सुबह 10 बजे आनासागर झील विश्राम स्थली के पास बर्ड वॉचिंग व संगोष्ठी
अपराह्न 4 बजे रीजनल कॉलेज के सामने चौपाटी पर समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह
बेस्ट फोटो व वीडियो प्रतियोगिता
बर्ड फेयर के दौरान आनासागर झील के पक्षियों की बेस्ट फोटो व बेस्ट वीडियो की प्रतियोगिता रखी गई है।
इसके तहत पक्षी प्रेमी व फोटोग्राफर या कोई भी प्रतिभागी आनासागर झील में पक्षियों के दो दिन के भीतर कैप्चर किए गए अच्छे फोटोग्राफ एवं एक से दो मिनट अवधि की वीडियो क्लिप 18 जनवरी की रात तक अजमेर पत्रिका को भेज सकते हैं।
प्रतिभागी को अपना नाम व मोबाइल नम्बर लिखकर फोटो व वीडियो क्लिप अजमेर पत्रिका के फेसबुक पेज https://www.facebook.com/patrika.ajmer/ के मैसेज बॉक्स में #patrikabirdfair लिखकर शेयर करना होगा।
सभी फोटो व वीडियो फेसबुक पर शेयर किए जाएंगे। फेसबुक पर प्राप्त बेस्ट फोटो व वीडियो को उनकी श्रेणी में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा अच्छे फोटो प्रतिभागी के नाम के साथ पत्रिका में प्रकाशित किए जाएंगे और वीडियो क्लिप फेसबुक पेज पर शेयर की जाएगी।
Published on:
16 Jan 2020, 5:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.