सिरोही. पिण्डवाड़ा पालिकाध्यक्ष जितेन्द्र प्रजापत के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश होने के बाद गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक मैसेज ने भाजपा में जोरदार खलबली मचा दी। दरअसल इस मैसेज में भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित को व्यंगात्मक शैली में बधाई देते हुए जोरदार तंज कसा गया है। ताज्जुब की बात तो यह है कि बधाई के रूप में यह तंज भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष हेमन्त पुरोहित ने कसा है। मैसेज में उन्होंने बगैर किसी लाग लपेट के स्पष्ट रूप से कह दिया कि सिरोही भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिन लोगों को संगठन में महत्वपूर्ण पद से नवाजा, उन्हीं पदाधिकारियों ने पिण्डवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है।