15 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Asian Games 2026 की उल्टी गिनती शुरू, वैभव सूर्यवंशी समेत इन 5 युवा सितारों पर रहेंगी देशभर की नजरें

India Young Medal Hopes Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत की युवा उम्मीदों पर नजरें रहेंगी। वैभव सूर्यवंशी, अनाहत सिंह, सिंड्रेला दास, दीपांशी फोगाट और उन्नति हुड्डा से पदक की उम्मीद है।
2 min read
Google source verification
Anahat Singh, vaibhav suryavanshi, Unnati Hooda, syndrela das, Dipanshi Phogat

एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में किया जाएगा। (Photo- IANS)

Asian Games 2026 India Young Athletes: एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। इन खेलों का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में किया जाएगा, जहां भारत पिछली बार की तुलना में अधिक पदकों की उम्मीद लगाए हुए है। इन खेलों में भारत के अनुभवी खिलाड़ियों के अलावा कुछ युवा खिलाड़ी भी शिरकत कर रहे हैं, जिनसे देश को पदक की उम्मीदें हैं। आइए, ऐसे ही कम उम्र के युवा खिलाड़ियों पर डालते हैं नजर, जिन पर भारतीय खेल प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं।

वैभव सूर्यवंशी (क्रिकेट)

वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम के सबसे युवा क्रिकेटरों में से एक हैं। उन्होंने महज 15 वर्ष की उम्र में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है। भारतीय टीम आइची-नागोया में अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरेगी। ऐसे में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। यदि वैभव सूर्यवंशी बल्ले से कमाल दिखाने में कामयाब रहते हैं, तो निश्चित तौर पर कई रिकॉर्ड टूट सकते हैं।

अनाहत सिंह (स्क्वॉश)

वर्ल्ड जूनियर स्क्वॉश चैंपियनशिप जीतकर चर्चा में आईं 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने पिछले एशियन गेम्स में टीम और युगल स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। ऐसे में अब उनसे पदक का रंग बदलने की उम्मीद भारतीय खेल प्रशंसक लगा रहे हैं। इसकी वजह यह भी है कि हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 के बाद अनाहत सिंह का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। उन्होंने 2024 वर्ल्ड टीम स्क्वॉश चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।

2025 में उन्होंने एशियन स्क्वॉश चैंपियनशिप में डबल्स और मिक्स्ड डबल्स के स्वर्ण पदक जीते, जबकि वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया। इसी साल उन्होंने SRFI इंडियन ओपन का महिला एकल खिताब भी अपने नाम किया। 2026 में उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि आई, जब वह वर्ल्ड जूनियर स्क्वॉश चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं।

सिंड्रेला दास (टेबल टेनिस)

सिंड्रेला दास टेबल टेनिस की युवा भारतीय खिलाड़ी हैं। 17 वर्षीय यह खिलाड़ी एशियन गेम्स 2026 में भारत की युवा उम्मीदों में से एक हैं। नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट में अंडर-19 और महिला एकल का खिताब जीतकर उन्होंने अपनी दावेदारी मजबूत की है। एशियन गेम्स में उनका प्रदर्शन खास तौर पर नजर में रहेगा।

दीपांशी फोगाट (कुश्ती)

हरियाणा की युवा महिला पहलवान दीपांशी फोगाट पर भी भारतीय खेल प्रशंसकों की नजर रहेगी। 17 वर्षीय दीपांशी महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। एशियन गेम्स 2026 उनके लिए इसलिए खास है, क्योंकि वह पहली बार इन महाद्वीपीय खेलों में उतर रही हैं। वह भारतीय महिला कुश्ती की नई पीढ़ी की उभरती खिलाड़ियों में शामिल हैं। जापान में अपने प्रदर्शन से वह सबका ध्यान खींचने की कोशिश करेंगी।

उन्नति हुड्डा (बैडमिंटन)

बैडमिंटन में युवा सनसनी उन्नति हुड्डा भी भारत की बड़ी उम्मीदों में शामिल हैं। कम उम्र में BWF सुपर 100 खिताब जीतने वाली उन्नति अब एशियन गेम्स 2026 के बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। 2025 में उन्होंने ओडिशा मास्टर्स का खिताब भी जीता था। इसके बाद 2026 में उन्नति ने शानदार वापसी करते हुए पोलिश ओपन जीता, जो उनका दूसरा BWF इंटरनेशनल चैलेंज खिताब था। उनके मौजूदा प्रदर्शन का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि मई 2026 में उन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग 19 हासिल की थी।