28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चार देशों का हॉकी टूर्नामेंट : बेल्जियम ने भारत को 2-0 से हराया

बेल्जियम की ओर से सेबेस्टियन डोकियर और विक्टर वेगनेज ने दागे गोल, जबकि भारत की तरफ से कोई भी खिलाड़ी गोल नहीं कर सका।

2 min read
Google source verification
india belgium

टौरंगा : न्यूजीलैंड में खेले जा रहे चार देशों के हॉकी टूर्नामेंट में बेल्जियम ने भारत को २-० से हरा दिया। ब्लैक पार्क में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 4 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह एक का भी फायदा नहीं उठा सकी और हार गई। बेल्जियम की ओर से सबेस्टियन डोकियर (8वें मिनट) और विक्टर वेगनेज (34वें मिनट) ने गोल दागे। दोनों टीमों ने पहले क्वार्टर में रोमांचक खेल दिखाया। इस दरमियान बेल्जियम की टीम ने कुछ बेहतर मूव्स बनाए और लगातार भारतीय डिफेंस की परीक्षा ली। लेकिन बेल्जियम के मजबूत डिफेंस ने भारतीय फॉरवड को आक्रमण करने का ज्यादा मौका नहीं दिया।
मैच शुरू होने के तुरत बाद चौथे मिनट में ही बेल्जियम ने खतरनाक मूव बनाया, लेकिन चोट के कारण लंबे समय बाद टीम में वापसी कर रहे गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने इसे नाकाम कर दिया। 4 मिनट बाद डोकियर ने हालांकि रिवर्स हिट पर श्रीजेश को छकाते हुए बेल्जियम को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारत को 12वें मिनट में मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन यह बर्बाद गया, क्योंकि गेंद को डी के ऊपर नहीं रोका जा सका। दूसरे क्वाार्टर के 7वें मिनट में हालांकि युवा खिलाडिय़ों अरमान, विवेक प्रसाद और मनदीप की तिकड़ी ने बेल्जियम की रक्षा पंक्ति को गलती करने पर मजबूर किया। इस वजह से भारत को दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन हरमनप्रीत की ड्रैग फ्लिक को बेल्जियम के डिफेंडरों ने रोक दिया।
कुछ मिनटों बाद फॉरवर्ड रमनदीप सिंह ने शनदार मूव बनाया और बेल्जियम के सर्किल में जगह बनाई, लेकिन उनका पास जरा ऊंचा उठ गया, जिस पर मनदीप ने स्टिक तो लगाई, लेकिन निशाना सही नहीं रहा। गेंद क्रॉस बार के ऊपर से बाहर चली गई। मध्यांतर तक बेल्जियम की टीम 1-0 से आगे थी। तीसरे क्‍वार्टर के पहले ही मिनट में भारत को तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इस बार वरुण कुमार की ड्रैग फ्लिक को बेल्जियम के डिफेंडर ने गोल से दूर कर दिया। कुछ ही मिनटों बाद भारत की डिफेंस की गलती का फायदा उठाते हुए विक्टर ने 34वें मिनट में एक और गोल दागकर बेल्जियम को 2-0 से आगे कर दिया। इसके बाद भी भारत ने मैच में वापस आने की कोशिश की। विवेक सागर प्रसाद ने अच्छा मूव बनाया, लेकिन डी के अंदर कूदने के बावजूद रमनदीप गेंद तक नहीं पहुंच पाए। भारत को कुछ देर बाद चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन बेल्जियम ने इसे भी नाकाम कर दिया। अंतिम क्‍वार्टर में भारत ने मैच में वापसी के लिए पूरा जोर लगाया। अपने लिए कुछ अच्छे मौके भी बनाए, लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली। भारत अपने तीसरे मैच में शनिवार को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा।

बड़ी खबरें

View All

खेल

ट्रेंडिंग