
मुंबई: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज आज से हो रहा है। सीरीज का पहला मैच आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले टीम इंडिया को क्रिकेट एक्सपर्ट फेवरिट टीम मान रहे हैं। वहीं टीम के कप्तान विराट कोहली के लिए भी ये मैच बेहद खास रहने वाला है। विराट कोहली मुंबई के इस मैदान पर अपने करियर का 200वां वनडे मैच खेलने उतरेंगे। विराट के लिए ये मैच काफी मायने रखेगा। वहीं पिछले साल न्यूजीलैंड की टीम जब भारत दौरे पर आई थी तो उसे वनडे सीरीज में 3-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया पर जीत का होगा फायदा!
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मैच खेलने से पहले टीम इंडिया आत्मविश्वास से लबरेज है, क्योंकी टीम इंडिया ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को 5 वनडे मैचों की सीरीज में 4-1 से मात दी थी। वहीं टी-20 सीरीज 1-1 से बराबर रही थी, जबकि 1 मैच ड्रॉ हो गया था। साथ ही इससे पहले भारतीय टीम श्रीलंका को उसी के घर में वनडे सीरीज में 5-0 से मात देकर आई है। इसीलिए भारत का पलड़ा पहले से ही भारी नजर आ रहा है। टीम इंडिया को घरेलू पिचो का भी एडवांटेज मिलेगा।
वानखेड़े में भारत का रिकॉर्ड है शानदार
रिकॉर्ड के लिहाज से देखें तो मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम हमेशा से ही टीम इंडिया के लिए बेहद शानदार रहा है। 28 साल बाद वर्ल्ड कप जीतने का कारनामा भी टीम इंडिया ने इसी मैदान पर किया था। यहां खेले 17 वनडे मैचों में भारतीय टीम ने 10 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जिसमें वर्ल्ड कप 2011 के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ जीत भी शामिल है। इस मैदान पर टीम इंडिया आखिरी बार वनडे मुकाबले में साउथ अफ्रीका से भिड़ी थी, जिसमें, उसे 214 रनों से बड़ी हार का सामना करना पड़ा था।
न्यूजीलैंड के पास है मैच विनर खिलाड़ी
इस सीरीज से पहले वैसे तो भारतीय टीम सबकी फेवरिट है, लेकिन न्यूजीलैंड को भी कम आंकना भारी भूल होगी, क्योंकी न्यूजीलैंड के पास रॉस टेलर और कप्तान केन विलियमसन जैसे बल्लेबाज हैं, जो किसी भी वक्त मैच का रूख पलटने का माद्दा रखते हैं। इसके अलावा, मार्टिन गप्टिल, टॉम लाथम और कोलिन मुनरो भी अच्छी फॉर्म में हैं। मेहमान टीम की गेंदबाजी का नेतृत्व तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट कर रहे हैं। इसमें टिम साउदी, एडम मिल्ने और मैट हेनरी भी शामिल हैं।
दोनों टीमें:
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन , केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, मनीष पांडे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, अजिंक्य रहाणे और शार्दुल ठाकुर.
न्यूजीलैंड : केन विलियमसन (कप्तान), मार्टिन गप्टिल, कोलिन डी ग्रैंडहोम, रॉस टेलर, ट्रैंट बोल्ट, मैट हेनरी, टॉम लाथम (विकेटकीपर), एडम मिल्ने, ईश सोढ़ी, केलिन मुनरो, हैनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सेंटनर, टिम साउदी और जॉर्ज वॉर्कर.
Published on:
22 Oct 2017, 9:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.