
DC vs LSG, IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के चौथे मुकाबले में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स (DC) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की भिड़ंत होगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला विशाखापट्टनम के डॉ वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत करना चाहेगी, वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स टीम की कमान ऋषभ पंत संभालेंगे।
दिल्ली कैपिटल्स (DC) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) पिछले सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी। उस वक्त दिल्ली और लखनऊ ने सात-सात जीत दर्ज की, जो चौथे स्थान पर मौजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बराबर था। हालाकि नेट रन रेट के कारण दिल्ली और लखनऊ शीर्ष-4 में जगह बनाने में विफल रही थीं। ऐसे में दोनों टीमें मौजूदा सीजन की शुरुआत शानदार जीत के साथ करने को बेताब होंगी।
विशाखापट्टनम के डॉ वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जाती है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 170 रन के करीब है। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होने वाले मुकाबलों में रनों की बारिश हो तो किसी के लिए हैरानी की बात नहीं होगी।
वैसे आईपीएल के 17वें सीजन पर नजर डालें तो यहां कुल दो मैच खेले गए थे और दोनों ही हाई स्कोरिंग रहे थे। उस सीजन 13वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने 191/5 रन बनाया था और फिर चेन्नई सुपर किंग्स को 171/6 रन पर रोक मुकाबले को 20 रन से अपने नाम कर लिया था। पिछले सीजन के 16वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 272/7 का स्कोर बनाया था और दिल्ली कैपिटल्स को 17.2 ओवर में ही 166 रन पर ढेर कर मुकाबले को अपने नाम कर लिया था।
विशाखापट्टनम के डॉ वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में अब तक खेले गएआईपीएल मैच पर नजर डाले तो यहां कुल 15 मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में 8 मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, वही दूसरी पारी में खेलने वाली टीम को 7 मैच में जीत नसीब हुई है।
इतना ही नहीं, इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीम ने 8 मैच में जीत हासिल की है, जबकि टॉस हारने वाली टीम ने 7 मैच में जीत दर्ज की है। इस मैदान पर टीम का सर्वोच्च स्कोर 272/7 है, जिसे कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले सीजन में बनाया था। इस ग्राउंड पर टीम का न्यूनतम स्कोर 92 रन है, जिसे 2016 में मुंबई इंडियंस ने 2016 में बनाया था।
Updated on:
23 Mar 2025, 8:56 PM IST
Published on:
23 Mar 2025, 8:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.